कैथल। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समरसता दिवस के रूप में आगामी 15 अक्तूबर को जींद के न्यू स्टेडियम में मनाया जाएगा। जिसमें प्रदेश भर से लाखों लोग महर्षि वाल्मीकि के जीवन मूल्यों व आदर्शों पर चलने का संकल्प लेंगे। बेदी शनिवार को स्थानीय महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की, इसका उद्देश्य किसी वर्ग विशेष का उत्थान नही, अपितु समस्त मानव जाति का विकास व मार्ग दर्शन करना था। महर्षि वाल्मीकि ने अपने जीवन में जिन आदर्शों की स्थापना की, उन आदर्शों पर चलना हम सभी का कर्तव्य है। बेदी ने कहा कि समस्त समाज 15 अक्तूबर को जींद में एक जुटता का प्रदर्शन करके अनुशासन का परिचय देगा।