झुंझुनू पिलानी। सीरी पिलानी का 64वां स्थापना दिवस 21 सितंबर को समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। संस्थान के प्रचार एवं मीडिया प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. पी भानू प्रसाद मुख्य वैज्ञानिक ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवद्र्धन होंगे। विशिष्ट अतिथि वैज्ञानिक एवं भारतीय सांख्यिकी संस्थान कोलकाता के पूर्व निदेशक पद्म श्री प्रो. शंकर के पाल होंगे। संस्थान के निदेशक प्रो. शांतनु चौधरी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। डॉ. भानूप्रसाद ने बताया कि इस अवसर पर अतिथियों द्वारा संस्थान के 30, 25, 20 व 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सहकर्मियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा । मुख्य अतिथि की ओर से वर्ष 2015-16 के वार्षिक प्रतिवेदन तथा सीएसआईआर सीरी की संक्षिप्त परिचय पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा सीरी पिलानी द्वारा की गई शोध उपलब्धियों व वर्तमान गतिविधियों से संबंधित वैज्ञानिक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस मौके पर संस्था परिसर में सायंकाल रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।