उदयपुर। शारदीय नवरात्र में मेवाड़ की आराध्य देवी बायण माता का आशीर्वाद पाने के लिए 2 दिवसीय उदयपुर यात्रा पर आये समाजवादी पार्टी के महासचिव अमरसिंह ने मंगलवार को जिले के सराड़ा तहसील के थाणा गांव स्थित थाणा रावला में विराजित मां बायण दर्शन किये और पूजा-अर्चना की। अमरसिंह नवरात्र में विशेष अनुष्ठान के लिए उदयपुर आये हैं। मेवाड़ की आराध्य देवी बायण माता के विशेष अनुष्ठान में भाग लेते हुए बुधवार को पुन: शांति यज्ञ में शामिल होकर दिल्ली के लिए रवाना होगे। जानकारी के अनुसार यह अनुष्ठान प्रसिद्ध ज्योतिष आचार्य मनोहर सिंह कृष्णावत के सानिध्य में हो रहा है, जिसमें देश भर के 21 विशेष पंडित भाग ले रहे हैं। अनुष्ठान के बारे में जानकारी देते हुए कृष्णावत ने बताया कि बायण माता प्रमुख शक्तिपीठों में एक है। यहां शारदीय और चैत्र नवरात्र में नौ दिवसीय विशेष अनुष्ठान होते हैं।