Advertisement
सीमा पर मंडराता युद्ध का साया : फिरोजपुर के गांवों से पलायन शुरू, राशन की दुकानों पर उमड़ी भीड़

एयर स्ट्राइक की खबरें सामने आने के बाद न केवल सीमा के नजदीकी गांवों में हलचल तेज हुई है, बल्कि शहरों में भी दहशत का माहौल है। जालंधर शहर में तो जैसे राशन और सब्जियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। विशेषकर पठानकोट बायपास चौक स्थित डी मार्ट में बड़ी संख्या में लोग राशन खरीदते नजर आए। दुकानों के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं। हर कोई आटे, दाल, चावल, तेल और बच्चों के खाने-पीने का सामान जुटाने में लगा है।
लोगों का कहना है कि हालात जिस ओर बढ़ रहे हैं, उसमें किसी भी दिन युद्ध जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में जरूरी सामान इकट्ठा कर लेना ही समझदारी है। कई लोगों ने यह भी कहा कि वे आने वाले कुछ दिनों तक घर से बाहर नहीं निकलना चाहते, इसलिए पहले से ही जरूरत की हर चीज खरीद रहे हैं।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत की कार्रवाई, तनाव चरम पर
जानकारी के अनुसार, बीती रात भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक की। इस बड़ी सैन्य कार्रवाई के बाद दोनों देशों के बीच हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं। सीमाओं पर सेना हाई अलर्ट पर है और एयरफोर्स की गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। सीमावर्ती इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई गांवों में प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
जनजीवन पर असर, प्रशासन अलर्ट मोड में
फिरोजपुर से लेकर पठानकोट और अमृतसर तक के सीमावर्ती गांवों में स्कूलों को बंद करने पर विचार किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह दे रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि गांवों से पलायन शुरू हो चुका है। पशुपालन से जुड़े लोग अपने जानवरों को भी साथ ले जा रहे हैं, क्योंकि पिछली बार के युद्धों में उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ा था।
भारत-पाक तनाव की यह कड़ी कब तक चलेगी, यह कहना मुश्किल है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों के लोगों की बेचैनी और डर बता रहा है कि हालात सामान्य नहीं हैं। सरकार और सेना की तैयारियां अपने स्तर पर हैं, मगर आम नागरिकों के लिए यह समय दुआओं का है—दुआ कि हालात और न बिगड़ें, दुआ कि जंग की नौबत न आए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
फिरोजपुर
Advertisement
पंजाब से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


