khaskhabar.com: शुक्रवार, 05 अगस्त 2016 11:50 PM (IST)
जयपुर। गुलाबीनगरी में शुक्रवार शाम को तीज की सवारी निकाली गई। सिटी पैलेस के जनानी ढ्योडी
से पूरे लवाजमे के साथ शाही ठाट बाट के साथ निकाली त्रिपोलिया गेट से निकल कर चौगान स्टेडियम पहुंची। इसके बाद ताल कटोरा जाकर मेला समाप्त हो गया। बूढी तीज की सवारी शनिवार को भी निकलेगी।
शाही
सवारी में ऊंट, घोड़े, हाथी, बैलगाडी, बग्घी शामिल थे। तीज माता की
शोभायात्रा में एक ओर जहां जयपुर के ख्यातनाम बैंड वादक मधुर स्वर लहरियां
बिखेरते हुए चल रहे थे। वहीं राजस्थानी लोक कलाकार राजस्थानी लोक कला
की सतरंगी छटा बिखेरते हुए चल रहे थे। इनमें लोक कलाकार कच्छी घोड़ी नृत्य,
कालबेलियां नृत्य, चकरी नृत्य, गैर नृत्य की प्रस्तुति देते हुए दर्शकों की वाहवाही लूट रहे थे। सवारी के
आगे-आगे हाथी पर राज घराने का पचरंगा ध्वज था। विदेशी पर्यटकों के लिए हिन्द होटल की छत पर बैठने की व्यवस्था की गई थी। जहां बैठ कर उन्होंने फोटोग्राफी का लुत्फ उठाया। सवारी तालकटोरे की पाल पर पहुंचने पर घेवर का भोग लगाया
गया।