कुरुक्षेत्र। अन्तर्राष्ट्रीय गीता जंयती महोत्सव 2016 के तीसरे दिन हुई सांस्कृतिक संध्या के दौरान पुरूषोत्तमपुरा बाग ब्रह्मसरोवर पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने द्रोपदी नृत्य की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, पर्यटन एवं शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, उपायुक्त सुमेधा कटारिया और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने दीप प्रज्जवलित कर सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। महोत्सव में फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी के द्रौपदी नृत्य को देखने के लिए हजारों पर्यटक पुरूषोत्तमपुरा बाग पहुंचे। अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपनी टीम के सदस्यों के साथ परम्परागत वेशभूषा में द्रौपदी नृत्य की प्रस्तुति दी। इस नृत्य में महाभारत के अहम क्षणों के साथ-साथ भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं को प्रस्तुत कर धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के वातावरण को भगवान श्रीकृष्ण के रंग में रंगने का काम किया। इस नृत्य में द्रौपदी चीरहरण के साथ-साथ भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेश को भी पर्यटकों के सामने रखने का काम किया।
डिजिटल पेमेंट अपनाओ,ईनाम पाओ: सरकार लाएगी इन्सेन्टिव स्कीम