जयपुर/ राजसमंद। उच्च शिक्षा मंत्री किरण माहेश्वरी ने राजसमंद जिला परिषद के सभाकक्ष में बुधवार को जिला खनन विकास मद से शिक्षा, चिकित्सा आदि कार्यों के लिए प्राथमिकता के साथ समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों से कहा कि सामाजिक सरोकारों के निर्वहन के प्रति गंभीरता बरतें।
उच्च शिक्षा मंत्री माहेश्वरी ने कहा कि संपूर्ण राजसमंद जिले में आधारभूत लोक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सरोकारों के निर्वहन पर ध्यान दिया जाए और इसके लिए सभी क्षेत्रों में बेहतर विकास और बुनियादी सुख-सुविधाएं मुहैया कराए जाने के लिए हर स्तर पर गंभीरतापूर्वक प्रयासों की आवश्यकता है।
बैठक में बताया गया कि इस मद से 60 फीसदी बजट का व्यय चिकित्सा एवं शिक्षा पर प्राथमिकता के आधार पर किया जाना है। इसमें शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों में फर्नीचर, चारदीवारी, शौचालय निर्माण कार्य आदि एवं चिकित्सा केन्द्रों पर भी चिकित्सकीय सुविधाओं के अंतर्गत निर्माण एवं उपकरण पर व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसी प्रकार 40 प्रतिशत मद का हिस्सा पेयजल, सडक़ आदि कार्यों के लिए व्यय किया जाएगा। जिले को यह राशि माइनिंग क्षेत्र से प्राप्त होने वाली राशि का प्रावधान के अनुरूप इस मद से व्यय होना है। इनमें माइनिंग क्षेत्र में सडक़ सुविधाओं को उपयुक्त बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।