Positions are not permanent, and the public never forgets mistreatment-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पद हमेशा नहीं रहते, जनता बुरा व्यवहार कभी नहीं भूलती : ठेला व्यवसायियों की बैठक में नगर निगम और महापौर पर बरसे राजेश सिंघवी

khaskhabar.com: सोमवार, 02 नवम्बर 2026 5:42 PM (IST)
पद हमेशा नहीं रहते, जनता बुरा व्यवहार कभी नहीं भूलती : ठेला व्यवसायियों की बैठक में नगर निगम और महापौर पर बरसे राजेश सिंघवी
22 नवंबर को होगा बड़ा कन्वेंशन उदयपुर। ठेला व्यवसायी मजदूर यूनियन की शिराली भवन में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में नगर निगम के भाजपा बोर्ड और महापौर पारस सिंघवी के रवैये के खिलाफ गहरा आक्रोश देखने को मिला। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व पार्षद एवं यूनियन संरक्षक राजेश सिंघवी ने जनप्रतिनिधियों को चेताते हुए कहा कि जनता सब कुछ माफ कर देती है, लेकिन अपने साथ किए गए अमानवीय व्यवहार को कभी नहीं भूलती। इसलिए सत्ता और पद के अहंकार में गरीबों की रोजी-रोटी छीनने वालों को मर्यादा में रहना चाहिए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ठेला-फुटपाथ व्यवसायियों के अधिकारों की रक्षा और पथ विक्रेता (आजीविका संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 22 नवंबर 2026 को उदयपुर में एक विशाल कन्वेंशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रमिक संगठनों और पार्षदों को आमंत्रित किया जाएगा।
'लगता है ठेला व्यवसायियों को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है': राजेश सिंघवीराजेश सिंघवी ने प्रशासनिक कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा:
सत्ता की क्षणभंगुरता: इतिहास गवाह है कि बड़े-बड़े राजा-महाराजा सोचते थे कि उनके बिना दुनिया नहीं चल सकती, लेकिन सल्तनतें मिट गईं और दुनिया आज भी चल रही है।
अधिकारों का हनन: ऐसा प्रतीत होता है कि महापौर ने ठेला व्यवसायियों को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है। जनप्रतिनिधियों और अफसरों की सार्थकता इसी में है कि पद से हटने के बाद जनता उन्हें सम्मान से याद रखे, न कि बद्दुआओं के साथ।
'महापौर मेले में नाचें, पर गरीबों को न नचाएं': सीटू और फेडरेशन के तीखे बोल
सीटू सचिव हीरालाल सालवी: उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शहर में दीपावली मेला चल रहा है और महापौर मंच पर नाच रहे हैं, इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन हमारी उनसे गुजारिश है कि वे अपनी सत्ता की ताकत से बेसहारा गरीबों को नाच न नचाएं।
टाउन वेंडिंग कमेटी के अधिकारों का अतिक्रमण (याकूब मोहम्मद): नेशनल हॉकर्स फेडरेशन के राज्य संयोजक याकूब मोहम्मद ने कहा कि पथ विक्रेताओं को 'अतिक्रमी' कहकर उनका अपमान किया जा रहा है। कानूनन टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) के अनुमोदन के बिना निगम को किसी भी वेंडर को हटाने का अधिकार नहीं है। वास्तव में अतिक्रमण ठेला वाले नहीं, बल्कि नगर निगम का भाजपा बोर्ड टीवीसी के अधिकारों का अतिक्रमण कर रहा है।
'पार्टी से पहले वेंडर्स के अधिकारों के लिए बोलें': वसीटा
पार्षद राजेंद्र वसीटा ने कहा कि ठेला व्यवसायी टीवीसी चुनाव में भाजपा समर्थित 8 सदस्यों को जिताकर अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। यदि चुने हुए प्रतिनिधि अपनी बिरादरी के हक के लिए आवाज नहीं उठाएंगे, तो इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर वेंडर्स के साथ खड़ा होना होगा।
टीवीसी सदस्य धर्मेंद्र कुमावत ने आरोप लगाया कि निगम में टाउन वेंडिंग कमेटी की नियमित बैठकें नहीं होतीं और जब भी बैठक बुलाई जाती है, तो वेंडर्स के कल्याण के बजाय सिर्फ उन्हें उजाड़ने और बेदखली पर बात होती है। संगठन अध्यक्ष मोहम्मद निजाम ने दो टूक चेतावनी दी कि गरीबों के सब्र का इम्तिहान न लिया जाए; जब-जब गरीब लामबंद हुआ है, बड़ी-बड़ी सत्ताएं हिल गई हैं।
श्रमिक नेताओं ने जताई एकजुटता
बैठक में रानू सालवी ने इसे कानून के बजाय जंगलराज की संज्ञा दी, वहीं शाहिद मोहम्मद ने याद दिलाया कि शहर की आधी आबादी दैनिक जरूरतों के लिए इन्हीं वेंडर्स पर निर्भर है। बैठक में मोहिनी माली, विनोद दया, अमजद शेख, महेंद्र खटीक और रघुनाथ सिंह सहित कई वेंडर्स व पदाधिकारियों ने विचार व्यक्त किए और 22 नवंबर के महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement