khaskhabar.com: बुधवार, 04 जनवरी 2017 5:46 PM (IST)
करनाल। डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर योजना के तहत पीओएस मशीनों का उपयोग बढ़ाने और खाद की बिक्री सुनिश्चित कराने को लेकर बुधवार को अहम बैठक हुई। लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त डाॅ प्रियंका सोनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में हैफेड और कृषि विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न फर्टिलाईजर कम्पनियों के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। बैठक में एडीसी ने कहा कि पीओएस मशीन के माध्यम से खाद की बिक्री की जाए। इस सम्बन्ध में जिले में ट्रायल पूरा हो चुका है और जल्द ही खाद की बिक्री को फर्टिलाईजर मॉनीटरिंग सिस्टम से जोड़ते हुए अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एडीसी ने कहा कि ये भारत सरकार का पायलट प्रोजेक्ट हैै, जो पूरे भारत में 16 जिलो में लागू किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत हरियाणा के 2 जिले करनाल और कुरूक्षेत्र में इसे लागू किया जाना है। इस सम्बंध में कृभको को नोडल एजेन्सी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि 138 पेक्स और 529 थोक और परचून विक्रेताओं का पूरा विवरण आधार नम्बर सहित पीओएस मशीन में फीड कर लिया गया है और दुकानदार के पास कितना स्टॉक है, वह भी मशीन में फीड किया जाएगा। इसके बाद इस व्यवस्था के लागू होने से फर्टिलाईजर वितरण संबंधी व्यवस्था ऑनलाईन और पारदर्शी हो जाएगी। इसके लिए सभी थोक व परचून विक्रेताओं को पीओएस मशीनें उपलब्ध करवाते हुए ट्रायल कर लिया गया है। इस अवसर पर कृषि उपनिदेशक प्रदीप मिल भी उपस्थित रहे।