Police retaliated after gangster attack in Tarn Taran, three attackers injured – weapons and bike seized-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

तरनतारन में गैंगस्टर के हमले के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई, तीन हमलावर घायल – हथियार और बाइक जब्त

khaskhabar.com: शुक्रवार, 01 अगस्त 2025 12:26 PM (IST)
तरनतारन में गैंगस्टर के हमले के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई, तीन हमलावर घायल – हथियार और बाइक जब्त
तरनतारन। जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर पुलिस की सूझबूझ और साहस से पस्त हो गए। 31 जुलाई 2025 को थाना सरहाली के अंतर्गत ठठियां महंता गांव निवासी गुरप्रीत सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावरों को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में तीनों हमलावरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात हमलावरों ने गुरप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह पर उस समय गोलीबारी की, जब वह अपने घर के पास थे। हमले में गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि गुरप्रीत सिंह को लंडा हरिके और सत्ता नौशहरा गैंग से खतरा था, जिसके चलते उन्हें सुरक्षा के तौर पर एक एएसआई और एक कांस्टेबल की तैनाती मिली हुई थी। हमले के दौरान, तैनात पुलिसकर्मियों ने अद्वितीय बहादुरी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए पीड़ित के एक पारिवारिक सदस्य के साथ हमलावरों का पीछा किया। पीछा करते हुए जब मोहनपुर गांव के पास पुलिस ने हमलावरों को घेरने की कोशिश की, तो बदमाशों ने पुलिस टीम और परिजन पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फुर्ती से मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
इस मुठभेड़ में तीनों हमलावरों को गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मौके से तीन पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जो संभवतः वारदात में इस्तेमाल की गई थी।
पुलिस का कहना है कि इस घटना के पीछे लंडा हरिके और सत्ता नौशहरा जैसे कुख्यात गिरोहों का हाथ हो सकता है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।
पुलिस प्रशासन ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि गैंगस्टरों और अपराधी तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी हर आपराधिक गतिविधि से सख्ती और बिना किसी समझौते के निपटा जाएगा। आने वाले दिनों में संगठित अपराध के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में कानून का राज कायम रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी को भी आम नागरिक की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement