Officials Inspect Bikaner Canal in Punjab to Address Cleaning and Adequate Water Supply; Tenders to Open on November 17-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीकानेर कैनाल की सफाई और पर्याप्त जलापूर्ति को लेकर पंजाब में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 17 नवंबर को खुलेंगी निविदाएं

khaskhabar.com: गुरुवार, 12 नवम्बर 2026 5:36 PM (IST)
बीकानेर कैनाल की सफाई और पर्याप्त जलापूर्ति को लेकर पंजाब में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, 17 नवंबर को खुलेंगी निविदाएं
श्रीगंगानगर। बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई और राजस्थान के निर्धारित जल हिस्से के अनुरूप पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को पंजाब क्षेत्र में नहर का निरीक्षण किया। इस दौरान नहर में जल प्रवाह की स्थिति, साफ-सफाई और निर्बाध जलापूर्ति को लेकर पंजाब के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। जल संसाधन वृत श्रीगंगानगर के अधीक्षण अभियंता संजीव वर्मा एवं अधिशासी अभियंता, जल संसाधन गंगनहर रेग्युलेशन खंड नरेश मीणा ने पंजाब क्षेत्र में बीकानेर कैनाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य नहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेना और निर्धारित जल हिस्से के अनुसार पर्याप्त पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा। दो बार टेंडर होने के बावजूद शुरू नहीं हुआ सफाई कार्य
निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने फिरोजपुर में अधीक्षण अभियंता, फिरोजपुर कैनाल वृत के साथ बैठक की। इसमें नहर की साफ-सफाई और जल प्रवाह से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में फिरोजपुर के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई के लिए पहले दो बार निविदाएं आमंत्रित की गई थीं, लेकिन किसी भी ठेकेदार ने निविदा प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। इस कारण सफाई का कार्य शुरू नहीं हो सका।
अब विभाग की ओर से दोबारा निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। इन्हें 17 नवंबर 2026 को खोला जाएगा। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद नहर की सफाई का कार्य शुरू किया जा सकेगा। इसके साथ ही बीकानेर कैनाल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने की तैयारी है।
1800 क्यूसेक के निर्धारित हिस्से के मुकाबले 2040 क्यूसेक पानी
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बीकानेर कैनाल की आरडी-45 पर निर्धारित 1800 क्यूसेक जल हिस्से के मुकाबले 2040 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। बैठक में जल प्रवाह में किसी तरह का उतार-चढ़ाव नहीं होने देने और निर्धारित जलापूर्ति लगातार बनाए रखने को लेकर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने बीकानेर कैनाल की साफ-सफाई और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पंजाब एवं राजस्थान के संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement