जयपुर । राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने प्रदेश में बेखौफ हुए अपराधियों एवं महामारी की तरह फैल रही मौससी बीमारियों को चिंताजनक बताते हुए इसे सरकार की विफलता बताया है। पायलट ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि मौसमी बीमारियां जानलेवा साबित हो रही है। भरतपुर संभाग में डेंगू का प्रकोप ज्यादा है। वहीं राजधानी जयपुर में भी चिकनगुनिया का प्रकोप महामारी का रूप ले चुका है। स्क्रब टाइफस के कारण जयपुर, अलवर, भरतपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लोग संक्रमित होकर मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का चिकित्सा विभाग स्थितियों के नियंत्रण में होने का दावा कर रहा है लेकिन अस्पतालों में मरीजों की लम्बी कतारें चिकित्सीय आपतकाल की गवाही दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार 2 अक्टूबर से स्वच्छता के लिए अभियान चलाने का दावा कर रही है। परन्तु वास्तविकता में दैनिक रूप से होने वाली सफाई व्यवस्था से भी जनता वंचित है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा मंत्री ने झूठा दावा करते हुए कहा है कि मौसमी बीमारियों की जांच नि:शुल्क हो रही है जबकि सरकारी अस्पतालों में चिकनगुनिया, मलेरिया व डेंगू के लिए बाकायदा शुल्क लेकर पर्ची दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अच्छा हो कि भाजपा सरकार अपनी विफलताओं पर आत्म-अवलोकन करें ताकि व्यवस्था में फैली अराजकता व अपराधों से भयभीत हुई जनता को सरकारजनित निराशा से बाहर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनौती देने के स्थान पर अपनी नाकाम कार्यप्रणाली को सबसे बड़ी चुनौती के रूप में भाजपा को स्वीकार करना चाहिए जिसे भाजपा के कार्यकर्ता स्वयं व्यक्त कर रहे हैं।