Advertisement
अब नाम जैसा बनने जा रहा सोनभद्र, पिछली सरकारों ने जनजातीय समाज का किया शोषण: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के विद्यालयों को तकनीक से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। युवाओं को टैबलेट प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मंच से ही जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड का उपयोग करते हुए सोनभद्र के सुदूर के प्राथमिक केंद्रों में हेल्थ एटीएम लगाए जाएं। इसके लिए उद्योगों के सीएसआर फंड का भी उपयोग किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के लोगों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्किल्ड बनाते हुए उन्हें बेहतर सुविधा प्रदान करना ही सरकार का मिशन है। 6 साल पहले सोनभद्र में पीने के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करना एक सपना था। अब, सरकार हर-घर नल योजना के साथ आरओ का पानी पाइप से घर-घर पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। यहां के गरीबों, जनजातीय भाइयों के लिए कभी आवास एक सपना था। आज लाखों लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी सरकार प्रदान कर रही है। कोरोना काल से अब तक गरीबों को फ्री राशन वितरित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी गरीब खुद को अनाथ और लाचार न माने। डबल इंजन की सरकार उनके साथ खड़ी है। आज कोई हमारी कानून व्यवस्था को ठेंगा नहीं दिखा सकता। किसी बेटी को हाथ लगाने वाले गुंडे को पता है कि उसके दुस्साहस का परिणाम क्या होगा। व्यापारियों से आज कोई रंगदारी मांगने की हिम्मत नहीं कर सकता।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी भगवान राम इस क्षेत्र में आए थे तो यहां के लोगों ने उनका सेवाभाव के साथ सत्कार किया था। दशकों तक सत्ता संभालने वालों ने भगवान राम को टेंट के नीचे रखा। मगर, 2024 में भगवान राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में चल रही सभी योजनाएं रामराज्य की आधारशिला हैं। सरकार जाति, मत-मजहब के नाम पर भेदभाव नहीं करती है। परिवार और जाति की राजनीति करने वालों ने गरीब और जनजातीय समाज के लोगों का हमेशा शोषण किया। हमारे लिए यूपी की 25 करोड़ जनता ही परिवार है। यहां जारी विकास की सभी परियोजनाएं हमारे जनप्रतिनिधियों के परिश्रम और पुरुषार्थ का ही परिणाम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों कैबिनेट ने निर्णय लेकर महुआ और चिरौंजी को बीनने पर लगे तमाम प्रतिबंधों को हटाने का कार्य किया है। प्राचीन ऋषि-मुनियों की इस धरती को हम ईको टूरिज्म का केंद्र बनाने जा रहे हैं। आज सोनभद्र में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था अच्छी हुई है। अभी भी कुछ लोग हैं, जो विकास में व्यवधान डालने का प्रयास कर रहे हैं, मैं उनसे अपील करता हूं कि विकास के कार्यों में सकारात्मक भाव से अपना योगदान दें। आप अपने बच्चों को स्कूल भेजें। शिक्षित बच्चे आगे चलकर ना सिर्फ परिवार की परवरिश करने में सक्षम होंगे, बल्कि, प्रदेश और देश के विकास में योगदान देंगे। सोनभद्र में अटल आवासीय विद्यालय बन रहा है। यहां एक ही छत के नीचे शिक्षा, खेलकूद और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में आधुनिक सुविधा प्रदान की जाएगी। आज सोनभद्र में एयरपोर्ट के निर्माण का कार्य भी चल रहा है(आईएएनएस)
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
सोनभद्र
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


