No action taken against hate speech against the Prime Minister, FIR against BJP leaders within 12 hours, what kind of justice is this: Rajendra Rana-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Sep 9, 2026 12:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा पर कार्रवाई नहीं, भाजपा नेताओं पर 12 घंटे में एफआईआर, यह कैसा न्याय : राजेंद्र राणा

khaskhabar.com: बुधवार, 12 अगस्त 2026 6:04 PM (IST)
प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा पर कार्रवाई नहीं, भाजपा नेताओं पर 12 घंटे में एफआईआर, यह कैसा न्याय : राजेंद्र राणा
खास खबर। हमीरपुर/सुजानपुर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने आज करीब 250 भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ सुजानपुर पुलिस थाने का घेराव करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पुलिस और प्रशासन के राजनीतिक दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार भाजपा नेताओं की आवाज दबाने के लिए एफआईआर को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
राजेंद्र राणा ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा, अगर सरकार को लगता है कि हमने कोई अपराध किया है तो हथकड़ी लगाओ और अंदर करो। केवल एफआईआर का डर दिखाकर भाजपा नेताओं को चुप कराने की कोशिश न की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने पर महज 12 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज हो जाती है, जबकि दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध शिकायतों पर भी वैसी तत्परता दिखाई नहीं देती।
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और पुलिस की कार्रवाई भी निष्पक्ष एवं कानून के अनुरूप होनी चाहिए। यदि राजनीतिक विचारधारा देखकर कार्रवाई होगी तो इससे पुलिस और प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
राणा ने कहा कि जब से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है, तब से मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार लगातार उन्हें निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, अगर मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज करके मुख्यमंत्री को शांति मिलती है तो वे और एफआईआर बनाएं। हम न डरने वाले हैं, न झुकने वाले हैं और न ही कांग्रेस सरकार की सच्चाई जनता के सामने रखने से पीछे हटेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक सुधीर शर्मा सहित विपक्ष के नेताओं के खिलाफ लगातार एफआईआर दर्ज होना यह दर्शाता है कि सरकार राजनीतिक विरोध का जवाब राजनीतिक और लोकतांत्रिक तरीके से देने के बजाय पुलिस कार्रवाई के माध्यम से देना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों, कार्यप्रणाली और कथित अनियमितताओं पर सवाल उठाने वाले नेताओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना है। यदि सरकार की कमियों को उजागर करना अपराध है तो भाजपा यह “अपराध” बार-बार करेगी। लोकतंत्र में एफआईआर के माध्यम से राजनीतिक आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की ऐसी कथित प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं। सुजानपुर थाने के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ता एकजुट हैं।
उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन किसी राजनीतिक दबाव में काम करने के बजाय प्रत्येक शिकायत और मामले में समान मापदंड अपनाए तथा कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे। राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार जितना विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास करेगी, भाजपा उतनी ही मजबूती से जनता के मुद्दों को उठाएगी और सरकार की नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement