बीकानेर। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने कहा कि उद्यमियों को जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए, प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। जिला कलक्टर शनिवार को जिला प्रशासन, जिला उद्योग केन्द्र व बीकानेर जिला उद्योग संघ के संयुक्त तत्वावधान में, बीकानेर जिला उद्योग संघ के सभागार में आयोजित राजस्थान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब भारत विकसित देशों की श्रेणी में आ रहा है। राज्य सरकार द्वारा भी प्रदेश में उद्यमियों की सुविधा व सहयोग के लिए अनेक नवाचार किए गए हैं। सरकार द्वारा हर वर्ग के विकास के लिए, अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
जिला कलक्टर ने कहा कि उद्यमी, प्रशासन व बैंक के अधिकारी, समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में औद्योगिक विकास के लिए प्रभावी कदम उठाएं। जिले में मूंगफली, दाल आदि की भरपूर पैदावार को देखते हुए, इनसे संबंधित उद्योगों के विकास की प्रबल संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल सकेगी व वे भी भविष्य में उद्यम स्थापित कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री जलस्वावलंबन अभियान में करें सहयोग- जिला कलक्टर ने कहा कि सबके सहयोग से, जिले में मुख्यमंत्री जलस्वावलंबन अभियान का प्रथम चरण सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया। अब अभियान के द्वितीय चरण में भी सभी लोग अपनी ओर से धन, मशीन व श्रम आदि के रूप में सहयोग दें। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र में भी तालाब, कुंए, बावड़ी आदि के जीर्णोद्घार का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीकानेर में जल संरक्षण की परंपरा है, यहां पानी की बूंद-बूंद का महत्व समझा जाता है। कार्यक्रम में अभियान से संबंधित पैम्लेट्स का वितरण भी किया गया।