MoU to be Signed Between UP and Uttarakhand to Promote Baba Neem Karoli Dham and Mahabharata Circuit-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के प्रचार के लिए यूपी-उत्तराखंड में होगा एमओयू

khaskhabar.com: बुधवार, 18 नवम्बर 2026 7:27 PM (IST)
नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के प्रचार के लिए यूपी-उत्तराखंड में होगा एमओयू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट के प्रचार-प्रसार को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। इसके तहत दोनों राज्यों में प्रचार-प्रसार केंद्र स्थापित करने की योजना है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को अधिकारियों को इस संबंध में उत्तराखंड के साथ बैठक आयोजित कर समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। पर्यटन भवन में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान जयवीर सिंह ने दोनों विभागों की प्रस्तावित, निर्माणाधीन और विलंबित परियोजनाओं को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं की राह में आ रही बाधाओं को दूर कर अगले महीने तक सभी लंबित कार्य हर हाल में पूरे कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं में देरी के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों से पेनाल्टी वसूली जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। उन्होंने कहा कि बजट के अभाव में कोई भी विकास कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। मंत्री ने महापुरुषों और राष्ट्रनायकों की तैयार प्रतिमाओं को 15 दिसंबर, 2026 तक स्थापित कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पिछली समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति परखते हुए कहा कि अधिकारी संबंधित जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजनाओं की बाधाएं दूर करें। साथ ही केवल कार्यालयों में बैठकर समीक्षा करने के बजाय अधिकारी मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी करें।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान चित्रकूट और विंध्याचल क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को फटकार लगाई। उन्होंने इको टूरिज्म से जुड़ी परियोजनाओं पर काम शुरू कराने के लिए शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए।
जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तराखंड महोत्सव के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच हुई बातचीत के क्रम में बाबा नीम करौली धाम और महाभारत सर्किट को लेकर दोनों राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाया जाएगा। महाभारत सर्किट का कुछ हिस्सा उत्तराखंड से भी जुड़ा है। ऐसे में दोनों राज्यों के साझा प्रयासों से इन धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का प्रचार-प्रसार किया जाना जरूरी है। इसके लिए प्रचार-प्रसार केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
उन्होंने पर्यटन नीति-2022 में समय की जरूरतों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों की सुविधाओं के अनुरूप संशोधन के विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की। साथ ही परंपरागत गृहों के निर्माण के लिए भूमि की व्यवस्था करने और एग्री टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने ओडीओसी, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। बैठक में संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकारों की स्थिति और विभागीय गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन को एक सप्ताह के भीतर संस्कृति विभाग की गतिविधियों का पुनरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों और जारी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement