Major negligence of Bijnor Medical Hospital - 26-year-old youth died during dialysis, CDO seized all documents-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिजनौर मेडिकल अस्पताल की बड़ी लापरवाही—डायलिसिस के दौरान गई 26 साल के युवक की जान, सीडीओ ने जब्त किए सभी दस्तावेज

khaskhabar.com: शनिवार, 14 जून 2025 4:03 PM (IST)
बिजनौर मेडिकल अस्पताल की बड़ी लापरवाही—डायलिसिस के दौरान गई 26 साल के युवक की जान, सीडीओ ने जब्त किए सभी दस्तावेज
बिजनौर। जनपद बिजनौर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई, जब डायलिसिस विभाग का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पूर्ण बोरा के सामने ही एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अस्पताल की लापरवाही और बदइंतजामी का यह हैरान कर देने वाला मामला जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव फुलसंदा निवासी सरफराज (26) डायलिसिस के लिए अस्पताल आया था। सीडीओ पूर्ण बोरा को अस्पताल के डायलिसिस विभाग में अव्यवस्था व लापरवाही की शिकायत मिली थी। इसी के चलते वे अचानक निरीक्षण पर पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में गंदगी, टूटी मशीनें, अनियमित रजिस्टर समेत कई खामियां सामने आईं। इसी बीच डायलिसिस मशीन पर लगे सरफराज की हालत अचानक बिगड़ गई। मौजूद डॉक्टरों व स्टाफ ने उसे बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
बिजली कटने से रुक गई डायलिसिस—मां ने लगाया गंभीर आरोप
सरफराज की मां सलमा ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डायलिसिस के दौरान बिजली चली गई थी। जनरेटर चालू नहीं किया गया, जिससे डायलिसिस प्रक्रिया बीच में रुक गई। आधा खून मशीन में ही रह गया और इस लापरवाही के कारण उसके बेटे की मौत हो गई।
सीडीओ ने जब्त किए सभी दस्तावेज
निरीक्षण के दौरान सीडीओ पूर्ण बोरा ने विभाग में रखे सभी रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच की, जिनमें तमाम अनियमितताएं पाई गईं। उन्होंने तुरंत सभी दस्तावेज जब्त कर अपने साथ ले लिए ताकि इस गंभीर मामले की जांच हो सके। सीडीओ ने विभागाध्यक्ष प्राचार्या उर्मिला कार्या से भी जवाब-तलबी की और पूरे विभाग की व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई।
मेडिकल कॉलेज में हड़कंप—प्रशासन पर उठे सवाल
सरफराज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। तीमारदारों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। अब सवाल उठ रहे हैं कि जब सीडीओ के निरीक्षण के वक्त ऐसी गंभीर चूक सामने आई, तो आम दिनों में डायलिसिस मरीजों के साथ क्या होता होगा?
जांच के निर्देश—मेडिकल प्रशासन बचाव की मुद्रा में
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने फिलहाल मौत के कारणों की जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन डायलिसिस के दौरान बिजली जाने, जनरेटर चालू न करने और आधा खून मशीन में फंसे रहने के आरोपों ने पूरे विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
क्या बोले अधिकारी?
सीडीओ पूर्ण बोरा ने मीडिया से कहा—"डायलिसिस विभाग की हालत बेहद खराब है। गंभीर लापरवाही दिखी है। पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।"

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement