Karauli big mistake: Congress councillor appointed instead of BJP councillor on the post of acting chairman-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

करौली बड़ी चूकः कार्यवाहक सभापति पद पर भाजपा पार्षद की जगह कांग्रेस पार्षद की नियुक्ति

khaskhabar.com: बुधवार, 19 मार्च 2025 1:19 PM (IST)
करौली बड़ी चूकः कार्यवाहक सभापति पद पर भाजपा पार्षद की जगह कांग्रेस पार्षद की नियुक्ति
करौली। नगर परिषद में कार्यवाहक सभापति की नियुक्ति को लेकर राजस्थान सरकार की बड़ी चूक सामने आई है। भाजपा की पार्षद पूनम पचौरी को हटाकर कांग्रेस पार्षद राजरानी शर्मा को कार्यवाहक सभापति बना दिया गया है, जिससे भाजपा खेमे में नाराजगी फैल गई है। उल्लेखनीय है कि करौली नगर परिषद की पूर्व सभापति कांग्रेस की राशिदा खातून को गंभीर शिकायतों के चलते निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद जुलाई 2024 में भाजपा पार्षद पूनम पचौरी को कार्यवाहक सभापति नियुक्त किया गया था। लेकिन अब 8 महीने बाद राज्य सरकार ने अचानक निर्णय बदलते हुए वार्ड 34 से कांग्रेस की निर्वाचित पार्षद राजरानी शर्मा को कार्यवाहक सभापति नियुक्त कर दिया। इस फैसले के बाद करौली के भाजपा नेता स्तब्ध हैं और इस बदलाव को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बता रहे हैं। गौरतलब है कि दिसंबर 2020 में हुए चुनाव में कांग्रेस की राशिदा खातून ने भाजपा की पूनम पचौरी को हराया था। अब जब पूनम पचौरी कार्यवाहक सभापति के रूप में जिम्मेदारी निभा रही थीं, तो बगैर किसी ठोस कारण के उन्हें हटा देना कई सवाल खड़े करता है।
आखिर क्या मजबूरी थी सरकार की?
नगर परिषद से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सरकार पर राजनीतिक दबाव के चलते यह फैसला लिया गया। हालांकि, इस पर राज्य सरकार की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं आया है। इस फैसले से भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है और वे इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बता रहे हैं।
अब क्या कहेंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा?
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। सवाल यह भी है कि क्या सरकार इस चूक को सुधारने के लिए कोई कदम उठाएगी या फिर कांग्रेस पार्षद ही कार्यवाहक सभापति बनी रहेंगी? करौली में इस फैसले को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और भाजपा के स्थानीय नेता इस मुद्दे को पार्टी के मंच पर जोरशोर से उठाने की तैयारी में है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/3
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement