Advertisement
कंचनबाई मीना ने पेश किया गांव के विकास का 5 सूत्रीय एजेंडा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पीने का पानी, पानी की निकासी के साथ समावेशी विकास को देंगी प्राथमिकता

कंचनबाई मीना ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि गांव के प्रत्येक परिवार को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार करना है। उन्होंने विकास की पांच प्रमुख प्राथमिकताएं निर्धारित की हैं।
स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक कल्याण पर जोरः
उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, नि:शुल्क दवाइयां और तत्काल एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध करवाने के प्रयास का संकल्प लिया है। साथ ही गांव में नशामुक्ति अभियान चलाने और पशुधन की बेहतर देखभाल के लिए आधुनिक पशु चिकित्सालय स्थापित करवाने को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और युवाओं के लिए अवसरः
स्थानीय युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के लिए पॉलीटेक्निक कॉलेज खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे इंटरनेट सुविधा से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने तथा युवाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सर्वसुविधायुक्त खेल मैदान विकसित करवाने की योजना है।
शुद्ध पेयजल, सौर ऊर्जा और स्वच्छताः
गांव के प्रत्येक घर तक फ्लोराइड मुक्त शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल उपचार संयंत्र स्थापित करवाने का प्रयास किया जाएगा। बंद पड़े ओवरहेड वाटर टैंकों की मरम्मत करवाकर उन्हें पुनः चालू करवाने तथा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित करने की योजना भी एजेंडे में शामिल है।
जलभराव से मुक्ति और धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धारः
बारिश के दौरान जिन मोहल्लों और वार्डों में पानी भरने की समस्या रहती है, वहां स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करवाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। नालियों और जल निकासी मार्गों का आवश्यकतानुसार निर्माण एवं सुधार करवाकर ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जाएगी। इसके साथ ही गांव के धार्मिक स्थलों और मंदिरों का जीर्णोद्धार प्राथमिकता से करवाया जाएगा, ताकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हो सके।
सड़क, बिजली और परिवहन व्यवस्था में सुधारः
गांव की मुख्य सड़कों पर भूमिगत बिजली केबल बिछवाने, सभी गलियों और रास्तों को पक्का करवाने तथा अतिक्रमण हटवाकर रास्तों को सुगम बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सामाजिक कार्यक्रमों और सामूहिक आयोजनों के लिए सामुदायिक भवन का निर्माण करवाने के साथ हिंडौन सिटी, महवा, टोडाभीम और जयपुर के लिए नियमित बस एवं परिवहन सुविधा शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे।
आवास, बैंकिंग और वार्डवार विकास समितियांः
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को पक्के मकान का लाभ दिलाने, किसानों एवं छोटे व्यापारियों की सुविधा के लिए सहकारी बैंक की शाखा खुलवाने और निजी कंपनियों के सीएसआर फंड के माध्यम से गांव में विकास कार्य करवाने के प्रयास किए जाएंगे। प्रत्येक वार्ड में छह सदस्यों की विकास समिति गठित कर जनभागीदारी के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
समितियों के माध्यम से वार्ड की समस्याओं की पहचान कर विकास कार्यों का चयन और उनकी निगरानी निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से की जाएगी। सीएसआर फंड के लिए निजी कंपनियों और संस्थाओं से संपर्क कर गांव के विकास में सहयोग प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
भ्रष्टाचार की जांच और भयमुक्त प्रशासन का संकल्पः
कंचनबाई मीना ने अपने एजेंडे में पूर्व में हुए भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच करवाने की मांग को भी प्रमुखता दी है। उन्होंने कहा कि गांव में भयमुक्त प्रशासन, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक वर्ग को विकास में समान भागीदारी देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों से समर्थन और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि गांव का विकास किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनका संकल्प है कि बोल-भोलू की कोठी ग्राम पंचायत को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाए।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
करौली
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


