सीकर। देश के लिए अपनी जान देने वाले शहीदों को देवी देवताओं से अधिक सम्मान देना चाहिए। वे भी देवताओं के समान है और उनके साथ उनके परिजनों को भी विशेष सम्मान मिलना चाहिए। ये कहना है श्रम, नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री डॉ जसवंत यादव का। डॉ यादव गुरुवार को नीमकाथाना के गणेश्वर गांव में आयोजित अटल सेवा केन्द्र में श्हीद गोकुलचन्द यादव की मूर्ति के अनावरण समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के फौजियों की ओर से सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में भी देश की सेवा की जा रही है। उनकी बदौलत ही आज देश सुरक्षित है। ऐसे में देश के लिए प्राण गंवाने वाले शहीदों को हमारी ओर से हमेशा सम्मान देना चाहिए। समाज के हर वर्ग को शहीद के परिवार वालों की देखभाल, सम्मान और उसकी मूर्ति को हमेशा आदर सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार सैनिकों के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रही है। उनके बच्चों व परिवार वालों की परवरिश कर रही है। उन्होंने शहीद के परिजनों की ओर से मिले ज्ञापन पर जल्द निर्णय लेने की बात भी कही।