Advertisement
साइबर अपराधियों से निपटने के लिए तकनीकी ‘हथियार’ तैयार करने उतरी 35 टीमें

शर्मा ने कहा कि इसी दिशा में प्रदेश में राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) के गठन की पहल की गई है। इससे काफी प्रगति हुई है और आगे साइबर अपराध नियंत्रण के प्रयासों को और अधिक गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन के लिए चयनित पांचों समस्याओं के विषय अत्यंत प्रासंगिक हैं। ये केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों को भी प्रतिदिन प्रभावित करने वाली चुनौतियां हैं। देशभर से आए प्रतिभागियों की प्रतिभा, उत्साह और तकनीकी दक्षता से इन चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतिभागी ऐसे व्यावहाकिर तकनीकी समाधान विकसित करेंगे, जिनसे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।
समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती हों—
डीजीपी ने प्रतिभागियों से कहा कि वे ऐसे समाधान विकसित करें, जो केवल अकादमिक अभ्यास तक सीमित न हों, बल्कि वास्तविक पुलिसिंग में उपयोगी साबित हों। समाधान सरल, व्यावहारिक और किफायती होने चाहिए, ताकि पुलिस के प्रत्येक स्तर का अधिकारी उन्हें आसानी से समझकर इस्तेमाल कर सके। उन्होंने कहा कि हैकाथॉन में विकसित किसी समाधान की उपयोगिता प्रमाणित होने पर उसे प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। संबंधित टीम और संस्थान के योगदान को पहचान दी जाएगी।
विशेषज्ञों से पुलिस का हमेशा रहेगा जुड़ाव—
शर्मा ने कहा कि हैकाथॉन का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा और कौशल को बेहतर पुलिसिंग से जोड़ना भी है। राजस्थान पुलिस का प्रयास रहेगा कि प्रतिभागियों को भविष्य में स्टार्टअप, नवाचार और अन्य तकनीकी अवसरों के माध्यम से भी सहयोग एवं मार्गदर्शन मिल सके। उन्होंने प्रतिभागियों को आश्वस्त किया कि पुलिस के साथ उनका यह जुड़ाव निरंतर बना रहेगा। भविष्य में भी उनके विचारों एवं समाधानों का स्वागत किया जाएगा।
डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि साइबर अपराध जैसी व्यापक चुनौती से निपटने के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों, बैंकों, वित्तीय संस्थानों, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। राजस्थान पुलिस ने साइबर प्रशिक्षण, साइबर पुलिस थानों और साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर के माध्यम से अपनी क्षमताएं विकसित की हैं। इसमें जनजागरूकता और विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस वी.के. सिंह ने कहा कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तार्किक सोच और ईमानदारी से किए गए प्रयासों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रतिभागियों को समर्पण और रचनात्मकता के साथ समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हैकाथॉन के उददेश्यों तथा साइबर क्राइम की रोकथाम के लिए राजस्थान पुलिस के प्रयासों और भावी कार्ययोजनाओं के बारे में बताया।
पांच चुनौतियां, तकनीकी समाधान पर मंथन—
पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम सुमित मेहरड़ा ने बताया कि हैकाथॉन में पांच प्रमुख चुनौतियां रखी गई हैं। इनमें स्कैम मैसेज और फिशिंग लिंक की पहचान, वित्तीय अपराधों एवं मनी ट्रेल का विश्लेषण, एआई आधारित सीडीआर-आईपीडीआर विश्लेषण प्रणाली, सोशल मीडिया एवं टेलीग्राम मॉनिटरिंग और एटीएम फुटेज का विश्लेषण शामिल है। इन समस्याओं पर टीमें ऐसे टूल और सिस्टम विकसित करेंगी, जिनसे पुलिस की जांच अधिक तेज और प्रभावी हो सके।
देशभर की 35 टीमें—
हैकाथॉन के लिए देशभर से 35 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें जयपुर, सूरतगढ़, पुणे, पंजाब, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, पटना और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी शामिल हैं।
एग्जीबिशन में साइबर सुरक्षा के नए प्रयोग—
हैकाथॉन में साइबर सुरक्षा से जुड़े तकनीकी समाधानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें एआई आधारित साइबर सॉल्यूशन, ओपन सोर्स इंटेलिजेंस, फॉरेंसिक साइंस और डेटा एनालिसिस से जुड़ी तकनीकें प्रदर्शित की गईं। इसके साथ कैप्चर द फ्लैग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
समारोह में राजस्थान पुलिस और बैंकिंग सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी, साइबर विशेषज्ञ, विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
जयपुर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


