Advertisement
यूपी में सीट बंटवारे पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी, पहले संगठन होगा मजबूत: चिराग पासवान

एनडीए के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि अभी इस विषय पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। चुनाव में अभी काफी समय है। फिलहाल पार्टी का पूरा ध्यान संगठन को मजबूत करने और अपनी विचारधारा तथा विजन को प्रदेश के हर घर तक पहुंचाने पर है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से अब तक सार्वजनिक मंचों पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। आने वाले समय में ऐसे कार्यक्रमों पर जोर दिया जाएगा, जिनके माध्यम से पार्टी के नेता सीधे लोगों के घरों तक पहुंच सकें। चुनाव नजदीक आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि गठबंधन होगा या नहीं और उसका स्वरूप क्या रहेगा।
चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन की मजबूती के सवाल पर कहा कि चुनाव में अंतिम फैसला जनता ही करती है। सभी राजनीतिक दल और गठबंधन जनता के सामने अपना विजन और विचार रखते हैं। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) भी इसी दिशा में काम कर रही है। उत्तर प्रदेश की जनता ही तय करेगी कि वह किस दल या गठबंधन को समर्थन देना चाहती है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर दलित समुदाय को हाशिये पर रखने का आरोप लगाया। चिराग ने कहा कि इन दलों ने अनुसूचित जाति के लोगों को दबाने और बांटने की कोशिश की ताकि उन्हें केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया जा सके। जब दलितों के हितों की रक्षा और उन्हें राजनीतिक आवाज देने की बात आई, तब इन दलों ने अपेक्षित भूमिका नहीं निभाई।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संविधान की बात करने वाली कांग्रेस ने अतीत में बाबा साहेब आंबेडकर को चुनाव में हराने और उनके जीवनकाल में उनका अपमान करने के प्रयास किए थे।
वहीं, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अरुण भारती ने कहा कि चिराग पासवान लगातार प्रदेश में संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान ने उत्तर प्रदेश में अपने समुदाय को एकजुट करने और संगठन को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए थे, उन्हें आगे बढ़ाना भी पार्टी की प्राथमिकता है।
अरुण भारती ने कहा कि चिराग पासवान के लखनऊ दौरे के दौरान प्रदेश में अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अलग-अलग जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
लखनऊ
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


