In the Modern Era, It Is Essential for Youth to Possess Modern Technical Knowledge and Skill Proficiency: Surana-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:45 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

वर्तमान युग में युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी ज्ञान व कौशल दक्षता होना आवश्यक : सुराणा

khaskhabar.com: सोमवार, 18 मई 2026 4:31 PM (IST)
वर्तमान युग में युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी ज्ञान व कौशल दक्षता होना आवश्यक : सुराणा
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर राजकीय लोहिया महाविद्यालय स्थित सभागार में तकनीकी बूट कैंप ‘इनोवेटिव चूरू’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत की और प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि आज के समय में युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी ज्ञान व कौशल दक्षता होना आवश्यक है। युवाओं को तकनीक व नवाचार के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘इनोवेटिव चूरू’ बूट कैंप विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान, नवाचार एवं संचार कौशल विकसित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बूट कैंप ‘इनोवेटिव चूरू’ के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और नियमित रूप से सीखते हुए भविष्य के लिए तैयार हों। इसी के साथ प्रयास करें कि नवाचारों व स्टार्टअप्स के माध्यम से स्थाई आजीविका गतिविधियां विकसित हों। इसके लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यकताओं व समस्याओं का एनालिसिस करें।
सुराणा ने कहा कि रिस्क टेकिंग एबिलिटी डवलप करें और आत्मविश्वास बढ़ाएं। असफलता ही सफलता की पहली सीढ़ी है। इसलिए विफलताओं से सीखें और आगे बढ़ें। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सीडीईओ संतोष महर्षि ने बताया कि यह बूट कैंप 16 जून, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ स्पोकन इंग्लिश कोर्स भी करवाया जाएगा, जिससे उनके व्यक्तित्व एवं रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
प्रशिक्षण सत्रों में प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक, स्टार्टअप सोच, टीम वर्क, कम्युनिकेशन स्किल्स एवं प्रेजेंटेशन स्किल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
गौरतलब है कि बूट कैंप में जिले के विभिन्न राजकीय विद्यालयों के कुल 41 विद्यार्थियों ने एनरोल किया है। जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागीय समन्वय से आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
इस दौरान लोहिया महाविद्यालय प्राचार्य डॉ मंजू शर्मा, डीओआईटी एसीपी नरेश कुमार, एसीपी विनोद कुमारी, गौरव शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement