Gurugram Gabbar Singh Death, Mandi Village Delhi Driver Murder Suspicion, Ghata Cut Hit and Run Case-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

गुरुग्राम में दिल्ली के गब्बर सिंह की संदिग्ध मौत : 13 दिन बाद तोड़ा दम परिजनों ने नकारा, एक्सीडेंट, बोले—सिर पर वार कर की गई हत्या, जेब से 11 हजार रुपए भी गायब

khaskhabar.com: शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 09:44 AM (IST)
गुरुग्राम में दिल्ली के गब्बर सिंह की संदिग्ध मौत : 13 दिन बाद तोड़ा दम परिजनों ने नकारा, एक्सीडेंट, बोले—सिर पर वार कर की गई हत्या, जेब से 11 हजार रुपए भी गायब
गुरुग्राम। दिल्ली के मांडी गांव निवासी 40 वर्षीय गब्बर सिंह की गुरुग्राम के अस्पताल में 13 दिनों तक चले इलाज के बाद मौत हो गई। 1 अक्टूबर की रात घाटा गांव कट के पास गंभीर हालत में मिले गब्बर की मौत को पुलिस भले ही प्रारंभिक जांच में 'हिट एंड रन' का सड़क हादसा मान रही हो, लेकिन परिजनों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन गब्बर को मिली तनख्वाह में से जेब में रखे 11 हजार रुपये नकद भी गायब थे। परिवार ने पुलिस कमिश्नर से निष्पक्ष जांच और हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। सड़क हादसे की थ्योरी पर परिवार ने खड़े किए 5 बड़े सवाल सिर्फ सिर के पिछले हिस्से पर गंभीर घाव: परिजनों के अनुसार, गब्बर के सिर के पिछले हिस्से में ही गहरा घाव था। हाथ, पैर, कोहनी या शरीर के किसी अन्य हिस्से पर घिसटने या रगड़ का कोई निशान नहीं मिला। परिजनों का सवाल है कि यदि तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी थी, तो शरीर के अन्य अंगों पर खरोंच तक कैसे नहीं आई?
बाइक पर स्क्रैच तक नहीं, सिर्फ हेडलाइट लटकी: दुर्घटनाग्रस्त बताई जा रही बाइक की स्थिति भी संदेह पैदा करती है। बाइक की केवल आगे की हेडलाइट टूटी और लटकी हुई मिली, जबकि हैंडल, साइड मिरर, पेट्रोल टैंक और बॉडी पर एक भी स्क्रैच नहीं था।
जेब से 11 हजार रुपये कैश गायब: गब्बर के भाई संजय ने बताया कि घटना वाले दिन गब्बर को सैलरी मिली थी। उसने 15 हजार रुपये बेटे के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे, जबकि 11 हजार रुपये नकद अपनी जेब में रखे थे। अस्पताल पहुंचने और तलाशी के दौरान उसकी जेब से एक भी रुपया नहीं मिला।
चार युवकों पर दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप: मृतक की पत्नी सुनीता का आरोप है कि गांव के ही कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के युवक गब्बर की सैलरी पर नजर रखते थे और पैसे मिलने पर जबरन अपने साथ ले जाते थे। विरोध करने पर वे जान से मारने और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देते थे।
घटना से ऐन पहले साथ नशा करने वाले संदिग्ध: परिजनों का दावा है कि हादसे की सूचना मिलने से ठीक पहले गब्बर चार युवकों के साथ बैठकर नशा कर रहा था। परिवार ने मांग की है कि इन चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए और रास्ते के तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए।
कमिश्नर से मिलेंगे परिजन
गुरुग्राम पुलिस ने शुरुआत में मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया था, जिसे गब्बर की मौत के बाद गैर-इरादतन हत्या (गैर-इरादतन मानव वध) की धाराओं में तब्दील किया गया है। वहीं, मृतक के भाई और पत्नी का कहना है कि वे सोमवार को गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराने तथा हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement