Groom falls ill during wedding rituals, dies after 20 days; wedding joy turns to mourning-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

फेरों के दौरान बिगड़ी दूल्हे की तबीयत, 20 दिन बाद मौत; शादी की खुशियां मातम में बदली

khaskhabar.com: शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 5:46 PM (IST)
फेरों के दौरान बिगड़ी दूल्हे की तबीयत, 20 दिन बाद मौत; शादी की खुशियां मातम में बदली
पाली। शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब फेरों के दौरान दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। किसी तरह सात फेरे पूरे कराए गए, लेकिन इसके बाद दूल्हा बेहोश हो गया। उसे पहले पाली के बांगड़ अस्पताल और फिर जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां 20 दिन तक वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 9 जुलाई को उसकी मौत हो गई। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार पाली जिले के सुकरलाई गांव निवासी 28 वर्षीय ओमप्रकाश जयपुर के मानसरोवर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पिता के निधन के बाद वह अपनी विधवा मां और इकलौती बहन का एकमात्र सहारा था। परिवार ने उसकी शादी पास के मांडावास गांव निवासी कविता से तय की थी। 20 जून को बारात मांडावास पहुंची और सुबह करीब 10:15 बजे विवाह की रस्में शुरू हुईं। मृतक के चाचा वजाराम ने बताया कि तीसरे फेरे के बाद ओमप्रकाश ने सीने में दर्द और अत्यधिक पसीना आने की शिकायत की। पहले इसे तेज गर्मी का असर समझा गया और किसी तरह सातों फेरे पूरे कराए गए। कुछ ही देर बाद उसकी हालत और बिगड़ गई तथा वह अचेत हो गया। परिजन उसे तत्काल पाली के बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत देखते हुए जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जोधपुर के अस्पताल में ओमप्रकाश को आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। इस बीच दुल्हन को ससुराल पहुंचाने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान एमआरआई और सीटी स्कैन सहित विभिन्न जांचें कराई गईं, लेकिन डॉक्टर बीमारी का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। करीब 20 दिन तक इलाज के बाद 9 जुलाई को ओमप्रकाश ने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। उसी दिन सुकरलाई गांव में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बांगड़ अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि मरीज को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement