khaskhabar.com: बुधवार, 31 अगस्त 2016 10:40 PM (IST)
पाली। ग्राम कंटालिया में कुछ दिन पूर्व हुई वृद्धा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पोते व पोते के मामा को गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर वृद्धा के आभूषण व हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि कंटालिया निवासी 73 वर्षीय गजराई पत्नी जस्साराम बाबरी की 25 अगस्त की रात उसी के पोते ने हत्या कर दी और गहने लूट लिए। वह अपने पुत्रों से अलग रहती थी। अगले दिन शाम करीब 4:30 बजे उसका पोता दादी से मिलने आया तो हत्या का पता चला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पाली पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयपाल यादव, सोजत सिटी वृत्ताधिकारी सीमा हिंगोनिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बगड़ी थानाधिकारी को निर्देश दिए और एक टीम बनाई। बगड़ी थानाधिकारी बाघसिंह व कंटालिया चौकी प्रभारी भंवरलाल स.उ.नि. की टीम ने कॉल डिटेल के आधार पर पोते को अभियुक्त पाया। इस पर पुलिस ने हत्या कर गहने लूट ले जाने के आरोप में अभियुक्त पोते पप्पूराम (19) पुत्र तिलोकराम बावरी निवासी कंटालिया व उसके दूर के मामा राजूराम (21) पुत्र चंद्राराम बावरी निवासी बेरा कुंम्बारीया सोजत सिटी को गिरफ्तार कर लिया गया।