हिसार। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को सरकार की तरफ से मिलने वाली किसी भी प्रकार की लाभ राशि अब केवल आधार कार्ड से लिंक हुए बैंक अकाउंट में ही मिल पाएगी। अभी तक लाभार्थी को यह राशि उसके बताए गए बैंक अकाउंट में मिलती थी, मगर इस बात से कोई संबंध नहीं था कि वह बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक है या नहीं। हाल ही में विभाग के उच्च अधिकारियोंकी विशेष बैठक हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि खातों को आधार लिंक करने के पश्चात सरकार के पास हर विद्यार्थी को दी जाने वाली राशि का रिकॉर्ड अधिक पारदर्शी और भ्रष्टाचार से मुक्त हो जाएगा। विभाग के पास यह जानकारी भी थी कि कुछ खातों का संचालन लाभार्थी नहीं कर रहा था और सरकार द्वारा विद्यार्थी के नाम पर दी जाने वाली राशि उस खाते में जमा हो रही थी। विभाग ने इस फैसले को प्रभावी और सफल करने के लिए प्रथम चरण में पंचकुला के एक खंड को चुना है।