Fire breaks out in four coaches of the Karmabhoomi Express in Rajpura, Punjab, causing panic among passengers.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:49 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

khaskhabar.com: शुक्रवार, 06 नवम्बर 2026 3:07 PM (IST)
पंजाब के राजपुरा में कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 कोच में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
राजपुरा। पंजाब के राजपुरा में सराय बंजारा के पास कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में आग लगने से हड़कंप मच गया। चलती ट्रेन में आग की सूचना मिलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी फैल गई। डिब्बों से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। हालांकि, लोको पायलट की सतर्कता और समय रहते ट्रेन रोकने से बड़ा हादसा टल गया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शुरुआती जानकारी में कुछ यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे आग लगने की घटना हुई। यह हादसा राजपुरा से लगभग 15 किलोमीटर दूर बसंतपुरा रेलवे स्टेशन के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रेन के इंजन की ओर से पांचवें कोच में सबसे पहले आग दिखाई दी। इसके बाद आग ने आसपास के तीन अन्य डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की सूचना मिलते ही ट्रेन को सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के पास मध्य सरहिंद-राजपुरा रेलखंड पर रोक दिया गया। इसके बाद यात्रियों को तुरंत नीचे उतारा गया। डिब्बों से धुआं निकलता देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकल आए।
लोको पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि आग लगने का पता चलते ही लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। इसके बाद रेलवे कर्मचारियों और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। समय रहते यात्रियों को बाहर निकालने और आग पर काबू पाने के प्रयासों से बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। आग की चपेट में आए चारों कोच में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी ट्रेन
जानकारी के अनुसार, कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही थी। घटना के बाद ट्रेन को रोककर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। फिलहाल रेलवे और प्रशासन की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement