नादौती। सार्वजनिक निर्माण विभाग की अनदेखी के चलते कस्बा शहर से नादौती वाया बागौर, बरदाला जर्जर हाल सडक़ की लंबे समय से व्यवस्थितरूप से मरम्मत कार्य नहीं किया गया है। जिसकी वजह से वर्तमान में सडक़ पर संचालित वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे है। मंगलवार को नादौती से गंगापुर जा रही निजी बस के जर्जर हाल में सडक़ में फंस जाने से यात्रियों में हडक़ंप मच गया। बस के फंसने से सडक़ पर करीब 6 घंटे तक बड़े वाहनों का संचालन ठप रहा। बस मालिक द्वारा बस को क्रेन की मदद से बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया।
विभाग द्वारा विगत लंबे समय से उक्त सडक़ पर मरम्मत कार्य नहीं किये जाने की वजह से सडक़ का दूर तक नामोनिशान मिटने के साथ गहरे अंसंख्य गढ्ढों में तब्दील हो गई है। जिसकी वजह से आमजन को अवागमन में परेशानी के साथ सदैव दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। बागौर पंचायत के सरपंच सुरेन्द्र सिंह धाकड़, खूडाचैनपुर गांव के किसान नेता गणेश मीणा, जयलाल पटेल, कुंभाराम, प्रहलाद मीणा, मॉड विकास किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्यामलाल गुडली आदि ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सडक़ पर पुर्नडामरीकरण के लिए विगत कई वर्षो से सरकार व विभागीय अधिकारियों से लगातार मांग करते आ रहे है। लेकिन आज दिन तक भी समस्या के स्थायीनिराकरण की दिशा मेें कोई कार्यवाही नहीं की है। जिसे लेकर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के ग्रामीणों मेें रोष व्याप्त है।
उधर निजी बस संचालक बिजेन्द्र सिंह धावाई, खालिद खान, कुंवर सिंह आदि ने बताया कि विभाग व प्रशासन द्वारा सडक़ का मरम्मत कार्य नहीं किया तो उन्हैं विवश होकर वाहनों का संचालन बंद करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि उक्त जर्जर हाल सडक़ पर बसों का संचालन करना उनके लिए बेहद घाटे का सौदा साबित हो रहा है।