डेल्टा हत्याकांड की सीबीआई जांच नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण
khaskhabar.com: मंगलवार, 30 अगस्त 2016 7:18 PM (IST)
जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने डेल्टा मेघवाल हत्याकाण्ड की केन्द्र सरकार द्वारा सीबीआई जॉंच नहीं करवाये जाने के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे भाजपा सरकार की वादाखिलाफी करार दिया है। पायलट ने एक बयान जारी कर कहा कि उक्त घटनाक्रम में परिजनों का मानना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या थी, ऐसे में स्थानीय पुलिस द्वारा इसे आत्महत्या करार देकर मामले को दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में दलित युवती की बलात्कार के बाद हत्या की गई है, जबकि स्थानीय पुलिस ने अपनी जॉंच में दोषियों के खिलाफ अपराध की गंभीरता को कम करने के उद्देश्य से आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं लगाकर चार्जशीट प्रस्तुत की है, जिसे आधार मानकर केन्द्र की भाजपा सरकार ने सीबीआई जॉंच से इंकार किया है जो भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।