Crackdown on misleading energy drink marketing : 2,040 cans of Sting and Black Bagheera seized in Sirohi-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Oct 15, 2026 4:13 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एनर्जी ड्रिंक के नाम पर भ्रामक प्रचार पर शिकंजा : सिरोही में स्टिंग और ब्लैक बगीरा के 2040 कैन सीज, 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट

khaskhabar.com: बुधवार, 08 जुलाई 2026 3:49 PM (IST)
एनर्जी ड्रिंक के नाम पर भ्रामक प्रचार पर शिकंजा : सिरोही में स्टिंग और ब्लैक बगीरा के 2040 कैन सीज, 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक नष्ट
सिरोही। एनर्जी ड्रिंक के नाम पर किए जा रहे भ्रामक विज्ञापनों और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह साबित होने वाले पेयों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में सिरोही जिले के मांडवा रोड स्थित 'मां अर्बुदा एजेंसी' के गोदाम पर छापा मारा गया। अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. दिनेश खराडी ने बताया कि इस औचक निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने नामी कैफिनेटेड बेवरेज 'स्टिंग एनर्जी' (Sting Energy) तथा 'ब्लैक बगीरा एनर्जी ड्रिंक' (Black Bagheera Energy Drink) के 2040 बॉटल/कैन सीज कर दिए हैं। क्यों हुई कार्रवाई? FSSAI के नियमों का उल्लंघन और भ्रामक प्रचार
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के कड़े नियमों के मुताबिक, किसी भी कैफीनेटेड बेवरेज (Caffeinated Beverages) के लेबल पर खुद को 'एनर्जी ड्रिंक', 'स्पोर्ट्स ड्रिंक', 'स्टीमूलेट्स माइंड' (Stimulates Mind) या 'एनरर्जाइज बॉडीज' (Energize Bodies) लिखना पूरी तरह गैर-कानूनी और भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। इसी नियम के तहत FSSAI द्वारा कई बड़े ब्रांडों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा गया है।
स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा : डॉक्टरों और विशेषज्ञों के अनुसार, इन तथाकथित एनर्जी ड्रिंक्स में कैफीन की मात्रा अत्यधिक होती है। यह गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं (Lactating Mothers) और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकती है।
जांच के लिए भेजे गए सैंपल: खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौके से दोनों ड्रिंक्स के दो नमूने (सैंपल) एक्ट के तहत कलेक्ट किए हैं, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जोधपुर भिजवाया जा रहा है। लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर नष्ट कराई 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक
गोदाम की सघन चेकिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम को भारी मात्रा में एक्सपायर्ड (अंतिम तिथि पार कर चुकी) कोल्ड ड्रिंक का स्टॉक भी मिला। स्वास्थ्य के साथ इस गंभीर खिलवाड़ पर तुरंत एक्शन लेते हुए टीम ने लगभग 600 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट करवा दिया, ताकि इसे बाजार में सप्लाई न किया जा सके।
इस पूरी महत्वपूर्ण कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश प्रजापत और धर्मवीर की टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया। विभाग ने साफ किया है कि जिले में खाद्य पदार्थों और पेयों में किसी भी तरह की मिलावट या भ्रामक लेबलिंग को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement