Advertisement
भीलवाड़ा में नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व का शुभारंभ, आज शाम मानसरोवर झील पर गूंजेंगे छठी मैया के भजन

छठ महापर्व के अवसर पर आज शुक्रवार शाम मानसरोवर झील पर विशेष भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें भोजपुरी जगत के चर्चित कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से छठी मैया की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य गायिका के रूप में संगीता तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं विशेष गायक कलाकारों में भोला पांडे, देवेश सिंह कुंदन, पूनम पांडे और नीरज प्रिया साथी अपनी गायकी से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
भोजपुरी भक्ति गीतों और छठी मैया के पारंपरिक गीतों से सजी इस भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर पूर्वांचल समाज सहित शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में दी आयोजन की जानकारी
समिति की ओर से सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में छठ महापर्व के चार दिवसीय कार्यक्रम, विभिन्न घाटों पर की गई तैयारियों और सांस्कृतिक आयोजन की विस्तृत जानकारी दी गई।
पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति के मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि मानसरोवर झील के साथ-साथ वाटर वर्क्स और लव गार्डन स्थित छठ घाटों पर भी हर वर्ष की भांति इस वर्ष विशेष तैयारियां की गई हैं। समिति का प्रयास है कि तीनों प्रमुख घाटों पर आने वाले पूर्वांचलवासियों, छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार जुटे हुए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
वहीं, संस्था अध्यक्ष अरुण राय ने बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व का चार दिवसीय आयोजन 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। पहले दिन 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ हुआ। इस दिन व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर घरों की साफ-सफाई करती हैं तथा सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेती हैं।
दूसरे दिन 14 नवंबर, शनिवार को खरना होगा। इस दिन व्रती महिलाएं दिनभर उपवास रखकर शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर एवं रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
तीसरे दिन 15 नवंबर, रविवार को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ सूप में फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल एवं पूजन सामग्री लेकर छठ घाटों पर पहुंचेंगी और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
चौथे और अंतिम दिन 16 नवंबर, सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही छठ महापर्व का समापन होगा और व्रती महिलाएं पारण कर अपना निर्जला व्रत पूर्ण करेंगी।
समिति के मुख्य संरक्षक मोहन शरण शास्त्री जी ने बताया कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता का महापर्व है। यह पर्व हमें सूर्य और प्रकृति के प्रति सम्मान के साथ-साथ परिवार, समाज और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है। छठ पूजा में सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर सहभागिता निभाते हैं, जो सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर उदाहरण है।
समिति के इस आयोजन को सफल बनाने में कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। इनमें संरक्षक विजयानन्द झा, आनंद राय, एच एल बघेल, अशोक सिंह, सुरेश चंद्रवंशी, कामेश्वर शाह, संतोष झा सचिव ओम प्रकाश सिंह, रोशन सिंह सहित समिति के कई कार्यकर्ता विभिन्न व्यवस्थाओं में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का कहना है कि सभी के सामूहिक सहयोग से इस महापर्व को भव्य, श्रद्धापूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
भीलवाड़ा
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


