सवाई माधोपुर। बनास नदी में लीज होल्डरों सहित खनन माफियाओं द्वारा किए जा रहे बजरी के अवैध खनन सहित सरकार की गलत नीतियों के विरुद्ध 20 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे। लालसोट विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के ऐलान के बाद से ही प्रशासन सतर्क है। किरोड़ी की शंखनाद रैली को लेकर मंगलवार को भरतरपुर संभाग के संभागीय आयुक्त विकास सीताराम भाले एवं पुलिस निरीक्षक आलोक वशिष्ठ सवाईमाधोपुर पहुंचे। उन्होंने रैली स्थल का जायजा लिया और पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि आने-जाने वाले लोगों के रूट तय कर दिए गए हैं। वहीं पार्किंग के लिए भी जगह तय कर दी है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया जाएगा। रेंज स्तर और पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त जाप्ता बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार रैली में करीब 20 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है।