Before invoking democracy, the BJP should introspect and ask why the public representatives needed to be brought together for training: Julie-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लोकतंत्र की दुहाई देने से पहले भाजपा अपने भीतर झांके, जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण के नाम पर एक जगह रखने की जरूरत क्यों पड़ी : जूली

khaskhabar.com: शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 7:20 PM (IST)
लोकतंत्र की दुहाई देने से पहले भाजपा अपने भीतर झांके, जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण के नाम पर एक जगह रखने की जरूरत क्यों पड़ी : जूली
खास खबर। अलवर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव में अपने जनप्रतिनिधियों की बाड़ाबंदी को चाहे प्रशिक्षण शिविर का नाम दे या कोई दूसरा नाम, लेकिन सच्चाई यह है कि बाड़ाबंदी तो बाड़ाबंदी ही होती है। नाम बदल देने से हकीकत नहीं बदल जाती।
मदन राठौड़ को इस तरह के बचकाने बयान देने के बजाय जनता को यह बताना चाहिए कि आखिर भाजपा को अपने ही प्रत्याशियों / जनप्रतिनिधियों पर भरोसा क्यों नहीं है? यदि भाजपा को अपने नेताओं की निष्ठा और निर्णय क्षमता पर इतना ही विश्वास है तो उन्हें प्रशिक्षण के नाम पर एक जगह रोककर रखने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?
जूली ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को कांग्रेस पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी के भीतर झांकना चाहिए। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को जनता चुनती है, न कि राजनीतिक दल उन्हें अपनी निगरानी में रखने के लिए। भाजपा की यह कैसी प्रशिक्षण व्यवस्था है, जिसमें प्रत्याशियों / जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्र रूप से काम करने देने के बजाय एक जगह एकत्रित करके रखा जा रहा है? जनता सब समझती है। भाजपा इसे चाहे प्रशिक्षण शिविर कहे या कार्यशाला, प्रदेश की जनता इस पूरी कवायद की सच्चाई जानती है।
जूली ने कहा कि मदन राठौड़ कांग्रेस के विधायकों और पूर्ववर्ती सरकार पर अनर्गल टिप्पणियां करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब दें। तीन साला पूरे हो गए और अब मात्र दो साल बचे हैं लेकिन गांवों में विकास की स्थिति क्या है, यह किसी से छिपा नहीं है। गांवों में सड़क, पानी, बिजली, चिकित्सा, शिक्षा और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की उपलब्धियां बताने के बजाय भाजपा नेता कांग्रेस पर आरोप लगाने में व्यस्त हैं पर उससे कुछ होने वाला नहीं है।
जूली ने कहा कि भाजपा को लोकतंत्र की इतनी ही चिंता है तो उसे जनता के जनादेश और चुने हुए जनप्रतिनिधियों की स्वतंत्रता पर भरोसा करना चाहिए। लोकतंत्र में प्रशिक्षण के नाम पर राजनीतिक प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों को एक जगह रखकर उनकी निगरानी करने के बीच का अंतर जनता अच्छी तरह समझती है। भाजपा अपनी इस राजनीतिक कवायद को चाहे जितने नाम दे दे, लेकिन बाड़ाबंदी की सच्चाई को छिपा नहीं सकती।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement