Advertisement
बरेली में झुमका लूटने वाला बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, तमंचा और चोरी के आभूषण बरामद

मामला तब सामने आया जब कैंट थाना क्षेत्र के कमालपुर पालपुर गांव निवासी सुनील ने 1 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी ईशु के साथ मोटरसाइकिल से फरीदपुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला कानून गोयान स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। शाम करीब 5 बजे दशमेश ढाबा के पास एक अज्ञात बाइक सवार उनकी पत्नी के कान से झुमका छीनकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर फरीदपुर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत एफआईआर संख्या 833/2026 दर्ज की गई और जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और यक्ष ऐप की 'फाइंड बाय फेस' तकनीक की मदद से आरोपी की पहचान बकैनिया गांव निवासी देवराज, पुत्र श्याम सिंह, के रूप में की।
सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि 30 अक्टूबर की झुमका लूट की घटना में शामिल आरोपी फरीदपुर टोल प्लाजा के पास मोटरसाइकिल पर घूम रहा है और किसी अन्य वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और फरीदपुर पुलिस की टीमों ने मोहनपुर गांव के पास कच्चे नहर मार्ग पर चेकिंग अभियान शुरू किया। सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
पूछताछ में घायल आरोपी ने अपनी पहचान फरीदपुर थाना क्षेत्र के बकैनिया गांव निवासी देवराज, पुत्र श्याम बिहारी, के रूप में बताई। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहा था, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ई-चालान एप्लीकेशन के जरिए चेसिस नंबर की जांच करने पर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर सामने आया। पुलिस के अनुसार, यही मोटरसाइकिल 30 अक्टूबर की झुमका लूट की घटना में इस्तेमाल की गई थी।
पूछताछ में देवराज ने 30 अक्टूबर को झुमका लूटने की बात स्वीकार कर ली। बरामद झुमके की पहचान भी एफआईआर संख्या 833/2026 में दर्ज चोरी किए गए सामान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 वर्षीय देवराज के खिलाफ बरेली जिले में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
बरेली
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


