khaskhabar.com: शुक्रवार, 19 अगस्त 2016 11:14 PM (IST)
भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री की सचिव गायत्री राठौड़ ने सफाई व्यवस्था की दिशा में और काम करने की जरूरत बताते हुए सभी को साथ लेकर चलने पर बल दिया। वहीं उन्होंने कहा कि वे कुछ समय बाद इन कार्यों को देखने के लिए भीलवाड़ा आएंगी। इस बीच, चंबल के पानी के सितंबर तक भीलवाड़ा पहुंचने का राठौड़ को चंबल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है।
सचिव गायत्री राठौड़ मुख्यनमंत्री वसुंधरा राजे के आपका जिला-आपकी सरकार के तहत दौरे के बाद कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करने आई थीं। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा किए गए कार्यों की मौके पर जाकर जांच की और उसके बाद कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे समयबद्धता के साथ काम करें। बैठक के बाद राठौड़ कलेक्टर डॉ. टीना कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ गांधी सागर तालाब पहुंची। जहां उन्होंने आयुक्त रविंद्रसिंह यादव से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल किए। इस पर आयुक्त ने कहा कि वे तो अभी आए हैं। उन्होंने 15 दिन का व्यवस्थाओं में सुधार के लिए समय मांगा। इससे पूर्व राठौड़ पातलियास होते हुए भग्गा का खेड़ा स्कूल पहुंची, जहां उन्होंने मिड डे मिल व स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। बाद में उन्होंने नाड़ी के कार्य भी देखे। वहां से राठौड़ हमीरगढ़ क्षेत्र स्थित ईको पार्क पहुंची, जहां मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के आदेशों के बाद भी हालात नहीं बदलने के कारण आक्रोश जताया। इस दौरान उनकी गाड़ी कीचड़ में भी फंस गई थी।