श्रीगंगानगर। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश पर जिले के रायसिंहनगर कस्बे में पीएस माइनर पर हुए कब्जों को हटाने का अभियान शनिवार को प्रारंभ किया गया। कोर्ट के फैसले के बाद अतिक्रमण तोडऩे के आदेश पर सिंचाई विभाग व पुलिस प्रशासन ने कस्बे में पीएस माइनर के नजदीक अतिक्रमण कर बनाई गयी दुकानों व मकानों को कब्जा मुक्त किया गया। गौरतलब है कि गंगनहर के किनारे पर पड़ी ख़ाली जगह पर कब्जे कर उन पर दुकानों और मकानों के कब्जे को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दर्ज हुई थी। जिसके बाद छह कस्बों में गुजरने वाली नहर के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गयी थी। अतिक्रमण की वजह से नहर का पानी प्रदूषित हो रहा है जो लोगों के लिए बीमारियों का मुख्य कारण बन रहा है। श्रीगंगानगर जिले में नहरों के किनारे कुल 1286 अतिक्रमण होने की सूची जारी हुई थी।