Action by Sikandra Police: Habitual offender arrested for stealing a silver crown and chhatra-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सिकंदरा पुलिस की कार्रवाई : बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट व छत्र चुराने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार

khaskhabar.com: शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 3:35 PM (IST)
सिकंदरा पुलिस की कार्रवाई : बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट व छत्र चुराने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार
दौसा, जयपुर और सवाई माधोपुर में दर्ज हैं 13 मुकदमे दौसा/सिकंदरा। सिकंदरा थाना पुलिस ने मंदिरों में भक्त बनकर चोरी करने वाले एक शातिर एवं आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया चांदी का मुकुट, छत्र और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी मुकेश नाथ योगी (निवासी तलावगांव, थाना लालसोट) के खिलाफ दौसा, जयपुर और सवाई माधोपुर जिलों के विभिन्न थानों में चोरी व नकबजनी के कुल 13 प्रकरण दर्ज हैं। ग्रामीणों की सतर्कता से रंगे हाथों पकड़ा गया चोर
मंदिर से थैली लेकर निकलते देखा: थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ईंटका स्थित कुटिया वाले बालाजी मंदिर के महंत धर्मदास महाराज (निवासी खादराया, भरतपुर) ने 12 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे महंत धर्मदास और ग्रामीण प्रहलाद तंवर मंदिर पहुंचे, तो एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर के अंदरूनी गेट से हाथ में प्लास्टिक की थैली लेकर बाहर निकलता दिखाई दिया।
बाइक स्टार्ट न होने से आया पकड़ में: थैली में रखे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब न मिलने पर जब अंदर जाकर देखा गया, तो बालाजी की मूर्ति से चांदी का छत्र और मुकुट गायब थे। महंत और प्रहलाद ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह हाथ छुड़ाकर भागा और अपनी बाइक स्टार्ट करने लगा, लेकिन ऐन वक्त पर बाइक स्टार्ट नहीं हुई। शोर सुनकर मौके पर जमा हुए ग्रामीणों ने उसे चोरी के माल सहित दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी।
पूजा-पाठ के बहाने मंदिरों में करता था रेकी, एक अन्य वारदात भी कबूली
चोरी का अनोखा तरीका: पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन के समय मंदिरों में श्रद्धालु बनकर प्रवेश करता था। पूजा-पाठ करने के बहाने वह पुजारी व सेवादारों की नजर बचते ही मूर्तियों पर लगे चांदी के छत्र और मुकुट चुराकर फरार हो जाता था।
40 हजार रुपये की चोरी का खुलासा: सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने ग्राम पाडली बाढ़ स्थित बालाजी मंदिर से भी सेवादार सावित्री उर्फ जमना गिरी महाराज के 40,000 रुपये नकद, कपड़े और बर्तन चुराने की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement