ACB action on Sojat Road in Pali : Contract worker Parmanand Sharma arrested red-handed while accepting a bribe issuing a lease.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पाली के सोजत रोड में एसीबी की कार्रवाई : पट्टा जारी करने के नाम पर 25,000 रुपये रिश्वत लेते संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा रंगे हाथ गिरफ्तार

khaskhabar.com: गुरुवार, 16 जुलाई 2026 3:39 PM (IST)
पाली के सोजत रोड में एसीबी की कार्रवाई : पट्टा जारी करने के नाम पर 25,000 रुपये रिश्वत लेते संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा रंगे हाथ गिरफ्तार
पाली। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर पाली द्वितीय इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने नगरपालिका सोजत रोड (जिला पाली) में कार्यरत संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा को परिवादी से 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी चौकी पाली द्वितीय को एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी के बड़े पिताजी के नाम का पैतृक भूखंड का पट्टा जारी करने की एवज में नगरपालिका सोजत रोड का संविदाकर्मी परमानन्द शर्मा अधिकारियों और कर्मचारियों (अकाउंटेंट, जेईएन और ईओ) के नाम से 25,000 रुपये की रिश्वत राशि की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी रेंज जोधपुर के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरविजन में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पाली द्वितीय के प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह एवं टीम द्वारा मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन सही पाए जाने पर आज 16 जुलाई 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई।
आरोपी परमानन्द शर्मा ने जैसे ही परिवादी से 25,000 रुपये की रिश्वत राशि ली, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी ने रिश्वत की यह रकम अपनी पैंट की दाहिनी साइड वाली जेब में रखी थी, जहां से टीम ने इसे बरामद कर लिया।
पिता की उम्र 65 पार हुई तो कागजों में बेटा लगा, काम खुद कर रहा था
एसीबी की जांच में एक और चौंकाने वाला प्रशासनिक घालमेल सामने आया है। आरोपी परमानन्द शर्मा पहले सोजत रोड पंचायत में कर्मचारी था। वहां से सेवानिवृत्त (रिटायर) होने के बाद वह पिछले 6 वर्षों से दिसंबर 2025 तक नगरपालिका सोजत रोड में संविदाकर्मी के रूप में कार्य कर रहा था।
दिसंबर 2025 में उसकी आयु 65 वर्ष से अधिक हो जाने के कारण नियमों के तहत उसने अपने पुत्र सुनील शर्मा को संविदा पर लगवा दिया, लेकिन बेटे की जगह वह खुद ही लगातार नगरपालिका में आकर कार्य कर रहा था। संविदाकर्मी की जगह किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध रूप से कार्य कराने के इस गंभीर संबंध में एसीबी द्वारा नगरपालिका के आला अधिकारियों से भी गहन अनुसंधान किया जाएगा।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। ब्यूरो द्वारा इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement