देश भर के 41 कुलपति इकट्ठे हुए, नई
शिक्षा नीति पर मंथन
khaskhabar.com: मंगलवार, 11 अक्टूबर 2016 09:50 AM (IST)
वाराणसी। काशी
हिन्दू विश्वविद्यालय में आज देश के केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों
की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर
ने विश्वविद्यालय के केन्द्रीय कार्यालय के समिति कक्ष हुई समीक्षा बैठक की
अध्यक्षता की।केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री ने समीक्षा बैठक के पूर्व
उपस्थित 41 कुलपतियों से परिचित हुए। कार्यक्रम की
शुरूआत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्र पर
माल्यार्पण कर हुई। इसके बाद विश्वविद्यालय का कुलगीत मंच कला संकाय के
छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किया। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो गिरीश
चन्द्र त्रिपाठी ने केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री को पुष्प गुच्छ और
अंगवस्त्रम् प्रदान कर सम्मानित किया। उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कुलपति
प्रो0 गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष की चर्चा की।
विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना को महान शिक्षाविद् और दृष्टा बताते हुए
कुलपति ने कहा कि महामना शिक्षा को सामाजिक सशक्तीकरण का हथियार बनाना चाहते थे जो
भारतीय मूल्यों और संस्कारों में जीवित रहे। उन्होंने यह भी कहा कि महामना काशी
हिन्दू विश्वविद्यालय को सर्व विद्या की राजधानी बनाने के लिये हमेशा
प्रयत्नशील रहे और यह विश्वविद्यालय का सौभाग्य है कि उसे शताब्दी वर्ष में
केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की समीक्षा बैठक आयोजित करने का अवसर
प्राप्त हुआ।