Patwari arrested red-handed accepting ₹10,000 bribe in Pali; bribe money thrown into bushes-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पाली में पटवारी ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, झाड़ियों में फेंकी रिश्वत राशि

khaskhabar.com: शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 10:52 PM (IST)
पाली में पटवारी ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, झाड़ियों में फेंकी रिश्वत राशि
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की पाली द्वितीय इकाई द्वारा आज कार्रवाई करते हुए मनीष कुमार मीना, पटवारी पटवार हल्का लाणेरा, अतिरिक्त प्रभार पटवार हल्का खोडिया, तहसील सोजत, जिला पाली को परिवादी से 10,000 रूपये की रिश्वत लेने पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी पाली द्वितीय को शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादी की ग्राम रायरा स्थित खरीदशुदा कृषि भूमि का बंटवारा एवं तरमीम करने की एवज में आरोपी पटवारी द्वारा 20,000 रूपये रिश्वत की मांग की गई। मांग सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा पहले 17,000 तथा बाद में ₹15,000 रिश्वत राशि लेने पर सहमति व्यक्त की गई। इस पर पी.डी. नित्या, पुलिस अधीक्षक, एसीबी रेंज जोधपुर के सुपरविजन में एसीबी पाली द्वितीय के प्रभारी देरावर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं ट्रेप अधिकारी मोहम्मद हनीफ, निरीक्षक पुलिस मय टीम द्वारा रिश्वत राशि की मांग का सत्यापन करवाया गया। इसके पश्चात आज ट्रेप कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष कुमार मीना को 10,000 रूपये रिश्वत लेने पर रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
आरोपी ने परिवादी से रिश्वत राशि प्राप्त कर अपनी पहनी हुई पेंट की जेब में रख ली। इसी दौरान एसीबी टीम को नजदीक आता देख आरोपी पटवार घर के पास स्थित जंगल की झाड़ियों की ओर भाग गया तथा भागते समय रिश्वत राशि ₹10,000 झाड़ियों में फेंक दी। एसीबी टीम द्वारा अथक प्रयासों के बाद झाड़ियों से ₹2,000 के नम्बरी नोट बरामद कर लिए गए हैं। शेष रिश्वत राशि की तलाश एवं बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्रवाई जारी है। एसीबी द्वारा प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।
भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए एसीबी की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24×7 संपर्क किया जा सकता है। एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में हरसंभव सहायता करेगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement