Horrible murder due to greed: Robbery and murder of deaf and mute Ramcharan revealed, 6 arrested-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:19 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लालच में हुई खौफनाक हत्या : मूक-बधिर रामचरण की डकैती और कत्ल का खुलासा, 6 गिरफ्तार

khaskhabar.com: गुरुवार, 07 अगस्त 2025 7:49 PM (IST)
लालच में हुई खौफनाक हत्या : मूक-बधिर रामचरण की डकैती और कत्ल का खुलासा, 6 गिरफ्तार
छीपाबडौद। राजस्थान के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र में हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। चार दिन पहले एक मूक-बधिर व्यक्ति, रामचरण सुमन की हत्या और डकैती के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस जघन्य अपराध के पीछे जो वजह सामने आई है, वह मानवता को शर्मसार कर देने वाली है – जमीन में गड़े धन का लालच, जिसके लिए परिवार के ही एक सदस्य ने अपने रिश्ते को तार-तार कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 3 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि रावां गांव में रामचरण सुमन की हत्या कर दी गई है। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि मृतक के हाथ-पैर बंधे थे और मुंह पर टेप चिपका हुआ था, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई थी। इसके अलावा, मकान के अंदर एक गड्ढा भी खुदा हुआ था, जिससे यह संदेह हुआ कि यह मामला केवल हत्या का नहीं, बल्कि डकैती का भी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, वृत्ताधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम ने तकनीकी संसाधनों और गहन जांच के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाया। पुलिस ने 6 आरोपियों राजा अली, राजेंद्र सुमन, विनोद कुमार सुमन, कमल किशोर, ललित नागर और भूरा लाल उर्फ भूरा सुमन को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ के दौरान, पुलिस के सामने जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक के भाई का पोता कमल सुमन निकला। कमल को पता था कि रामचरण अकेले रहते थे और उनके घर में जमीन में धन और गहने गड़े हुए हैं। इस लालच में कमल ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर डकैती और हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने से 10 दिन पहले दो बार प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाए। आखिरकार, 2 अगस्त की रात 8 लोगों ने एक बार फिर से योजना बनाई। इनमें से 6 आरोपियों ने सीधे वारदात को अंजाम दिया, जबकि कमल और भूरालाल ने गांव में रहकर उनकी मदद की। ये आरोपी गेती, ग्राइंडर और अन्य औजारों के साथ रामचरण के घर में घुसे। उन्होंने रामचरण के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दी, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से लूटे गए गहनों और नकदी की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है। इस सफल ऑपरेशन में छीपाबड़ौद, हरनावदाशाहजी थाने की टीमों, साइबर सेल बारां और जिला विशेष टीम ने अहम भूमिका निभाई। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement