The trailer for Sooraj Barjatya Yeh Prem Mol Liya has won the hearts of audiences, with people taking to social media to say, The OG family entertainer is back!-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर ने जीता दर्शकों का दिल, सोशल मीडिया पर बोले लोग – 'ओजी फैमिली एंटरटेनर वापस आ गई!'

khaskhabar.com: गुरुवार, 19 नवम्बर 2026 2:36 PM (IST)
सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के ट्रेलर ने जीता दर्शकों का दिल, सोशल मीडिया पर बोले लोग – 'ओजी फैमिली एंटरटेनर वापस आ गई!'
सूरज बड़जात्या की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर को देखकर दर्शकों को पुराने दौर की उन फिल्मों की याद आ गई है, जिनमें प्यार, रिश्ते और परिवार की खूबसूरत कहानियां देखने को मिलती थीं। आयुष्मान खुराना और शरवरी की इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के सामने एक नया और दिलचस्प नजरिया लेकर आया है। फिल्म में दिखाया गया है कि जब दूल्हा दुल्हन के घर रहने आता है, तो शादी के बाद लड़की को अपना मायका और ससुराल में से किसी एक को चुनने की जरूरत ही नहीं पड़ती। सूरज बड़जात्या ने इस नए विचार को परिवार और रिश्तों की खूबसूरत कहानी के जरिए पेश किया है। दर्शकों को फिल्म का यह अंदाज काफी पसंद आ रहा है। ट्रेलर देखने के बाद सोशल मीडिया पर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “ओजी फैमिली एंटरटेनर वापस आ गई!” वहीं दूसरे ने कहा, “हर फ्रेम बेहद खूबसूरत है और भावनाओं से भरा हुआ है। यही सूरज बड़जात्या का जादू है!”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “एक तरफ राजश्री के संस्कार और दूसरी तरफ हिमेश का दिल छू लेने वाला संगीत। अब 27 नवंबर का इंतजार नहीं हो रहा।” वहीं एक फैन ने लिखा, “यह काम सिर्फ सूरज जी ही कर सकते थे। उम्मीद है कि एक बार फिर परिवार के साथ लोग सिनेमाघरों में फिल्म देखने आएंगे। बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं!”
एक दर्शक ने फिल्म के विषय की तारीफ करते हुए लिखा, “यह फिल्म उस सोच को बदलने की कोशिश करती है, जिसमें शादी के बाद एक महिला को अपने मायके और ससुराल के बीच बंटकर रहना पड़ता है। इस फर्क को मिटाना चाहने वाले हर इंसान को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “राजश्री का मतलब है परिवार, और परिवार की फिल्म का मतलब है भारतीय संस्कृति!”
शरवरी के लुक और अंदाज की भी खूब तारीफ हो रही है। एक यूजर ने लिखा, “90 के दशक की बॉलीवुड हीरोइन वाला अंदाज ही कुछ अलग है। शरवरी ने पुरानी खूबसूरत यादें ताजा कर दीं।” वहीं एक फैन ने लिखा, “राजश्री, प्रेम, हिमेश रेशमिया का संगीत और रिश्तों से भरा एक बड़ा परिवार। कुछ फिल्में सिर्फ रिलीज होती हैं और कुछ का जश्न मनाया जाता है। सूरज जी हमारे बचपन वाले सिनेमा को वापस लेकर आए हैं। आयुष्मान प्रेम के किरदार में एकदम फिट लग रहे हैं। 27 नवंबर को पूरा परिवार फिल्म देखने जाएगा!”
एक अन्य दर्शक ने कहा, “इस ट्रेलर ने मुझे 90 के दशक की याद दिला दी। आज हमें ऐसी सादी और खूबसूरत प्रेम कहानियों की बहुत जरूरत है। सालों बाद ऐसी फिल्म आ रही है, जिसे हम पूरे परिवार के साथ सिनेमाघर में देख सकते हैं।” सोशल मीडिया पर फिल्म के ट्रेलर की तारीफ करने वालों की लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है।
फिल्म में संगीत की भी अहम भूमिका है। हिमेश रेशमिया ने फिल्म का संगीत तैयार किया है, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म के गाने भी लोगों के बीच लोकप्रिय हो रहे हैं। वहीं गाना 'झुमका पटोला' एक मिलियन यानी 10 लाख से ज्यादा व्यूज पार कर चुका है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी के साथ अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे, श्रुति सेठ, शाद रंधावा, गिरीश कुलकर्णी, राजेश कुमार समेत कई शानदार कलाकार नजर आएंगे।
राजश्री प्रोडक्शंस (पी) लिमिटेड और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से बनी इस फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। 'ये प्रेम मोल लिया' 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement