Youth attempts suicide in Banswara; neck vessel compressed, becomes violent in hospital-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बांसवाड़ा में सुसाइड के प्रयास में युवक की गर्दन की नस दबी, अस्पताल में हुआ हिंसक, रस्सियों से बांधकर उदयपुर किया रेफर

khaskhabar.com: शनिवार, 04 जुलाई 2026 5:21 PM (IST)
बांसवाड़ा में सुसाइड के प्रयास में युवक की गर्दन की नस दबी, अस्पताल में हुआ हिंसक, रस्सियों से बांधकर उदयपुर किया रेफर
बांसवाड़ा। बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना इलाके में अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले एक 25 वर्षीय युवक को परिजनों ने समय रहते बचा तो लिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद युवक की मानसिक स्थिति अचानक हिंसक हो गई। होश में आते ही युवक अजीबोगरीब हरकतें करने लगा और लोगों से मारपीट पर उतारू हो गया। डॉक्टरों के अनुसार, फंदे की वजह से दिमाग तक जाने वाली नस दबने और ऑक्सीजन की कमी होने के कारण युवक की यह स्थिति हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने शनिवार को अपने घर के भीतर ही अज्ञात कारणों के चलते फंदे पर लटककर जान देने की कोशिश की। जैसे ही परिजनों को इस बात की भनक लगी, वे तुरंत युवक को बचाने के लिए दौड़े और उसे फंदे से नीचे उतारा। उस समय युवक अचेत अवस्था में था। परिजन आनन-फानन में उसे तत्काल जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी (MG) अस्पताल लेकर पहुंचे। एमजी अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को प्राथमिक चिकित्सा दी, जिससे उसकी जान तो बच गई। लेकिन, जैसे ही युवक को होश आया, उसकी हरकतों ने अस्पताल स्टाफ और परिजनों को हैरत में डाल दिया। युवक अचानक अत्यधिक हिंसक हो गया। वह बेड से कूदने-फांदने लगा और वहां मौजूद लोगों को पीटने की कोशिश करने लगा। वह लगातार जोर-जोर से चीख रहा था और बार-बार मरने की बातें दोहरा रहा था।
दिमाग में ऑक्सीजन की कमी बनी हिंसक होने का कारण: डॉ. हरीश चरपोटामरीज की इस गंभीर और असाधारण स्थिति को लेकर एमजी हॉस्पिटल के डॉ. हरीश चरपोटा ने तकनीकी जानकारी देते हुए बताया:
"जब कोई व्यक्ति फांसी लगाने का प्रयास करता है, तो फंदे की रस्सी के अत्यधिक दबाव के कारण गर्दन से होते हुए मस्तिष्क (ब्रेन) तक जाने वाली नसों में रक्त का प्रवाह बाधित हो जाता है। इसके परिणामस्वरूप दिमाग तक होने वाली ऑक्सीजन की सप्लाई अचानक रुक जाती है। इस मरीज में भी यही क्लासिक लक्षण देखे गए हैं। दिमाग में ऑक्सीजन और खून की भारी कमी के कारण ही व्यक्ति का अपने व्यवहार पर नियंत्रण नहीं रहता और वह हिंसक या अजीबोगरीब हरकतें करने लगता है।"
अस्पताल परिसर में युवक को संभालने के लिए परिजनों और स्टाफ ने काफी मशक्कत की, लेकिन जब युवक पूरी तरह बेकाबू हो गया और खुद को व दूसरों को चोट पहुंचाने की स्थिति में आ गया, तो परिजनों को सुरक्षात्मक कदम उठाना पड़ा। परिजनों ने जैसे-तैसे युवक के हाथ और पैर रस्सियों से बांधे। इसके बाद, डॉक्टरों की सलाह पर उसे गंभीर मानसिक और शारीरिक उपचार के लिए इसी बंधी हुई अवस्था में एम्बुलेंस के जरिए उदयपुर के उच्च चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया, जहां फिलहाल उसका गहन इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement