Urea-DAP distribution Monitoring on Mobile-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 6:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यूरिया-डीएपी बांटने की मॉनिटरिंग मोबाइल से

khaskhabar.com: बुधवार, 03 अगस्त 2016 6:44 PM (IST)
यूरिया-डीएपी बांटने की मॉनिटरिंग मोबाइल से
जयपुर। वह दिन दूर नहीं जब मोबाइल का एक बटन दबाकर राज्य की 6 हजार से अधिक प्राथमिक कृषि ऋणदात्री सहकारी समितियों में से किसी भी सहकारी समिति में उपलब्ध डीएपी या यूरिया की स्थिति का पता लगाया जा सकेगा। सहकारिता विभाग ने पूरे सहकारी तंत्र की मोनेटरिंग व्यवस्था को मोबाइल फोन में समाहित करने की आवश्यक तैयारियां शुरु कर दी हैं। राज्य के सहकारिता सचिव अभय कुमार ने बुधवार को सहकार भवन में रजिस्ट्रार डॉ. रेखा गुप्ता के साथ मोबाइल एप आधारित मोनेटरिंग व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र एनआईसी, डीओआईटी व अपेक्स सहकारी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ प्रगति समीक्षा की। सहकारिता सचिव ने बताया कि सहकारिता तंत्र को सक्रिय करते हुए इस तरह की मोनेटरिंग व्यवस्था विकसित की जा रही है जिससे दूरदराज की ग्राम स्तर की सहकारी समिति में सहकारी सेवाओं की उपलब्धता की जयपुर में बैठकर समीक्षा की जा सकेगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे राजफैड या तिलम संघ द्वारा किसी सहकारी समिति स्तर पर कृषि जिंसों की खरीद की जाती है तो काश्तकार से खरीद से लेकर उसके खाते मेें राशि जाने तक की मोनेटरिंग राज्य स्तर पर की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह से ऋण वितरण, वसूली, बीज की उपलब्धता, डीएपी-यूरिया की मांग या अन्य कार्यों की समीक्षा की जा सकेगी। इससे ग्राम स्तर पर उपलब्ध सहकारी सेवाओं में त्वरित सुधार, काश्तकारों को मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने और सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर नजर रखते हुए सहकारिता के माध्यम से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराना संभव हो पाएगा। रजिस्ट्रार डॉ. रेखा गुप्ता ने बताया कि एनआईसी व डीओआईटी के अधिकारियों को आवश्यक प्रारंभिक सूचनाएं उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने बताया कि सहकारिता के ग्राम स्तर तक के नेटवर्क को इस व्यवस्था के माध्यम से गतिशील बनाया जा सकेगा। मोनेटरिंग के इस नए सिस्टम से सहकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली में भी सुधार हो सकेगा। राज्य स्तर पर ही दूर दराज के गांव की सहकारी समिति के अन्य कार्य कलापों के साथ ही ऑडिट, आम सभा, लाभांश वितरण, लाभदायकता आदि की भी जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। विभाग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभारी बनाते हुए दोनों संस्थाओं से समन्वय बनाया जा रहा है। एनआईसी व डीओआईटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके द्वारा आवश्यक कार्यवाही शुरु कर दी गई है।

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement