Advertisement
पीएम मोदी के नेतृत्व में अब दुनिया से आंख मिलाकर बात करता है सुरक्षित भारतः सीएम योगी

सीएम योगी ने पीएम मोदी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज से दो यात्राएं प्रारंभ हो रही है। 75 वर्ष पहले मोदी जी का जन्म गुजरात के पौराणिक गांव वडनगर में हुआ था। गुजरात की पावन नदियों के जल को लेकर 25-25 बाइक पर वहां से 10 यात्राएं चलेंगी। इसी क्रम में यूपी की 10 पावन नदियों का जल लेकर काशी से 10 यात्राएं विभिन्न मार्गों से होते हुए वडनगर को प्रस्थान करेंगी। ये यात्राएं काशी व वडनगर के महत्व को 10 राज्यों तक पहुंचाएंगी। यूपी की पवित्र नदियों का जल वडनगर में भगवान हाटकेश्वर को अर्पित होगा और गुजरात की नदियों का जल बाबा विश्वनाथ को समर्पित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा के प्रतीक युवा इस यात्रा के सहभागी बने हैं। 20 दिन की बाइक यात्रा में समय देने वाले युवाओं का अभिनंदन करते हुए सीएम ने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ को बढ़ाने वाली इस यात्रा में युवाओं को प्रतिदिन 100 किलोमीटर की दूरी तय कर चार बड़े कार्यक्रमों से जुड़ना है। रोमांच से भरी इस यात्रा के जरिए युवाओं का अलग-अलग राज्यों में संवाद व सेवा के कार्यक्रमों से भी जुड़ाव होगा। आज से 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा हमेशा स्मरणीय रहेगी।
उन्होंने कहा कि आज से 75 वर्ष पहले वडनगर से भी एक यात्रा प्रारंभ हुई थी। वहां के सामान्य परिवार में जन्म लेकर भारत के प्रधानमंत्री और विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता के रूप में मोदी की यात्रा देश-दुनियावासी देख रहे हैं। 25 वर्ष पहले सेवा की जो यात्रा पीएम मोदी ने गुजरात से प्रारंभ की थी, उसमें भारत का हर नागरिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहभागी रहा है। सीएम ने प्रधानमंत्री की 25 वर्ष की शानदार यात्रा में आए बदलाव की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि गांव अपनी बदलती कहानी को सुनाते हुए आत्मनिर्भर हो गए हैं। आजादी के बाद दशकों तक गरीबों को आवास नहीं मिला, लेकिन पीएम मोदी ने 12 वर्ष में 4 करोड़ लोगों को आवास उपलब्ध कराया।
नारी गरिमा का जिक्र करते हुए सीएम ने परिवर्तन की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि घर में शौचालय न होने के कारण नारी को अंधेरा होने का इंतजार करना पड़ता था, किंतु आज 12 करोड़ घरों में बने शौचालय नारी गरिमा के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प की यह यात्रा बिना किसी सिफारिश, लेनदेन के योग्यतानुसार युवाओं को नौकरी मिलने की कहानी सुनाती है। यह यात्रा 11 करोड़ परिवारों में उज्जवला योजना के तहत हर माता के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी सुना रही है। जिन गांवों ने आजादी के बाद दशकों तक बिजली नहीं देखी, अब वहां हर घर में दूधिया प्रकाश चमकता है। गांव-गांव में इंटरनेट व बैंकिंग सेवा मिल रही है। यह कहानी उस गरीब की भी है, जिसे पीएम मोदी ने अपने विजन से सामान्य परिवार के रूप में स्थापित करने के लिए स्वस्थ माहौल उपलब्ध कराया। इस यात्रा में आयुष्मान भारत के तहत वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर के कारण 60 करोड़ लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानी भी है।
सीएम ने स्टार्टअप इकोसिस्टम की चर्चा कर युवाओं के जीवन में आए परिवर्तन को बताया। उन्होंने कहा कि युवा खुद कहते हैं कि अब नौकरी के पीछे नहीं भागेंगे, बल्कि नौकरी देकर अन्य लोगों को जीवन में परिवर्तन लाएंगे। देश में इकोसिस्टम स्थापित कर करोड़ों नौजवानों के जीवन में परिवर्तन लाया गया है। कारीगरों व हस्तशिल्पियों के माध्यम से परंपरागत उद्यमों को पुनर्जीवित करने में सफलता प्राप्त की है। यह यात्रा स्टैंड-अप इंडिया, डिजिटल इंडिया के कारण आए परिवर्तन की कहानी को लेकर चलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में कोविड काल से लगातार 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क राशन मिल रहा है। सीएम ने इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए रोड, एयर, रेल कनेक्टिविटी, मेट्रो आदि की भी चर्चा की। कहा कि सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में भारत में अनेक यूनिट स्थापित हुईं, प्रोडक्शन प्रारंभ हुआ। क्वांटम कंप्यूटिंग, एआई मिशन, ड्रोन टेक्नोलॉजी, और रोबोटिक्स के क्षेत्र में भारत नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया अब शक की निगाहों से नहीं देखती, बल्कि यहां की अर्थव्यवस्था टॉप-4 इकॉनमी में खड़ी है। नया भारत विरासत का भी सम्मान करता है। पहली बार भारत में विरासत व विकास का अद्भुत समन्वय दिख रहा है। काशी विश्वनाथ धाम, 500 वर्ष बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का विराजमान होना, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, 2019 का कुंभ व 2025 का प्रयागराज महाकुंभ, बद्रीनाथ धाम, केदारपुरी व महाकाल लोक नए भारत के दर्शन करा रहे हैं।
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि यह यात्रा ऊर्जा से भरपूर होकर सकारात्मक भाव के साथ एक भारत-श्रेष्ठ भारत, विरासत और विकास, सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ बढ़कर अपनी छाप छोड़ेगी और पीएम मोदी के विजन को धरातल पर उतारने में सफल होगी।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
वाराणसी
Advertisement
उत्तर प्रदेश से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


