सबला योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
khaskhabar.com: बुधवार, 03 मई 2017 12:33 PM (IST)
धर्मशाला। महिला एवं बाल विकास विभाग कांगड़ा द्वारा विभागीय कर्मचारियों को सबला योजना के प्रभावी कार्यान्वयन बारे में शिक्षित करने के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन विभाग के उपनिदेशक डॉ. ओंकार ठाकुर और जिला कार्यक्रम अधिकारी तिलक राज आचार्य ने जिला के सभी 15 विकास खंडों के कर्मचारियों को सबला योजना के लक्ष्यों और इसके प्रभावी कार्यान्वयन के विभिन्न उपायों के बारे में बताया। उन्होंनेे योजना को और अधिक प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का आग्रह किया। इस योजना के तहत 11-18 वर्ष की किशोरियों की पोषण और स्वास्थ्य स्थिति में सुधार करने और उन्हें जीवन कौशल, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी शिक्षा के माध्यम से उनका सशक्तिकरण करने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बल दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य किशोरियों को परिवार कल्याण, स्वास्थ्य और स्वच्छता, वर्तमान सार्वजनिक सेवाओं के बारे में जानकारी से अवगत करना और विद्यालय न जाने वाली किशोरियों को औपचारिक या अनौपचारिक शिक्षा प्रणाली के अंतर्गत लाना है।