Congress government selling valuable land and public properties in Himachal Pradesh: Jairam Thakur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:38 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हिमाचल प्रदेश की बहुमूल्य जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को बेच रही कांग्रेस सरकार : जयराम ठाकुर

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 2:45 PM (IST)
हिमाचल प्रदेश की बहुमूल्य जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को बेच रही कांग्रेस सरकार : जयराम ठाकुर
धर्मशाला । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विपक्षी भाजपा ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश की बहुमूल्य जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को निजी निवेशकों के हवाले करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा, "आज भारतीय जनता पार्टी विधायक दल ने इस मुद्दे को उठाने का फैसला किया है कि कैसे हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार राज्य को बेचने पर उतारू है। हिमाचल प्रदेश में कीमती जमीन और संपत्तियां बेची जा रही हैं।" नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गगल एयरपोर्ट के समीप करीब 200 कनाल जमीन की कथित तौर पर फर्जी रजिस्ट्रियां की गई हैं। कृषि संबंधी प्रमाण पत्रों और कृषक प्रमाण पत्रों के जाली इस्तेमाल के माध्यम से जमीन के बेनामी सौदे किए जाने की बात भी सामने आई है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
जयराम ठाकुर ने कहा कि करीब 1,500 बीघा जमीन निजी निवेशकों को देने का फैसला किया गया था, जिसका मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। कृषि शिक्षा और अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण उद्देश्यों के लिए उपलब्ध कराई गई जमीन को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश की जा रही है।
इसके अलावा बलौरी और पटवार सर्कल के अंतर्गत जमीन के कथित बेनामी सौदों का मामला भी उठाया गया। भाजपा नेता ने बद्दी क्षेत्र में बीबीएनडीए के अंतर्गत औद्योगिक उद्देश्य से आवंटित जमीन के उपयोग में बदलाव किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए दी गई जमीन पर अब बहुमंजिला और आलीशान कोठियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि जमीन के लैंड यूज में बदलाव अधिकारियों के स्तर पर हुआ है, तो इसके लिए सरकार की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने शिमला स्थित पीटरहॉफ की बुकिंग बंद किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीटरहॉफ को तोड़कर नए सिरे से विकसित करने और किसी बाहरी निवेशक को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
इसी तरह दिल्ली स्थित हिमाचल निकेतन को लेकर भी जयराम ठाकुर ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि रेणुका बांध परियोजना के संदर्भ में दिल्ली में हासिल की गई जमीन पर तैयार हिमाचल निकेतन का उद्घाटन होने से पहले ही उसे निजी क्षेत्र को सौंपने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की महत्वपूर्ण जमीनों और सार्वजनिक संपत्तियों को निजी निवेशकों के हवाले करने के फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से इन सभी मामलों पर सदन में जवाब देने और जनता के सामने पूरी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
जयराम ठाकुर ने दो टूक कहा कि हिमाचल प्रदेश की जमीन और संपत्तियां प्रदेश की धरोहर हैं और इनके संरक्षण के लिए पार्टी संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा, "हिमाचल को बिकने नहीं देंगे।"
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement