Tragic Deaths of Four Amarnath Pilgrims, Four Funeral Processions Leave Together from Balotra-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:37 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

अमरनाथ यात्रा पर निकले चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, बालोतरा में एक साथ उठीं चार अर्थियां

khaskhabar.com: गुरुवार, 02 जुलाई 2026 6:14 PM (IST)
अमरनाथ यात्रा पर निकले चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, बालोतरा में एक साथ उठीं चार अर्थियां
बालोतरा। अमरनाथ यात्रा पर निकले बालोतरा के चार श्रद्धालुओं की पंजाब के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में दो दंपतियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आठ अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। गुरुवार को बालोतरा में चारों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया, जहां पूरे शहर की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, बालोतरा से मंगलवार शाम करीब छह बजे 12 श्रद्धालु टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। परिजनों ने उन्हें 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ विदा किया था। बुधवार सुबह पंजाब में डाबा जोर गांव के पास चालक को कथित तौर पर झपकी आने से वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला। हादसे में गांधीपुरा निवासी पंकज परिहार (50), उनकी पत्नी डिंपल परिहार (45), महेंद्र कुमार माली (52) और उनकी पत्नी मनीषा (44) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल आठ श्रद्धालुओं का इलाज एम्स बठिंडा में जारी है।
हादसे के समय पंकज परिहार के दोनों बेटे दीपक, हितेश और बेटी रुचिका भी वाहन में सवार थे। तीनों घायल हो गए, जिनमें एक बेटे के पैर में फ्रैक्चर आया है। अस्पताल में घायल बच्चे बार-बार अपने माता-पिता के बारे में पूछते रहे, जबकि परिजन उन्हें संभालते रहे और सच्चाई छिपाने की कोशिश करते रहे। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को बालोतरा लाया गया।
पोस्टमॉर्टम के बाद चारों शव बालोतरा पहुंचे तो पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को दोनों दंपतियों की एक साथ अंतिम यात्रा निकली और चारों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ उठीं चार अर्थियों का मंजर देखकर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement