डूंगरपुर । जिले के सागवाड़ा उपखण्ड मुख्यालय पर गुरुवार देर रात्रि दो व्यक्तियों के बीच मारपीट के प्रकरण के बाद तनाव के माहौल के बाद अब पूर्णतया शांति है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार सोलंकी, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. राजीव पचार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामजीलाल चंदेल देर रात सागवाड़ा पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से कार्यवाही करते हुए रात्रि में ही नामजद तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान जिला कलेक्टर व एसपी की त्वरित कार्यवाही से अल सुबह 4 बजे तक ही स्थिति सामान्य हो चुकी थी व एहतियातन पुलिस दल को मौके पर नियुक्त किया गया। इसके बाद शुक्रवार सुबह सामान्य दिनों की भांति बाजार भी खुले। कलेक्टर और एसपी दिनभर सागवाड़ा मुख्यालय पर ही रहे। इस दौरान सागवाड़ा विधायक अनिता कटारा सहित शहर लोगों से संपर्क करते हुए स्थिति को सामान्य बनाया। दिनभर सागवाड़ा में उपखण्ड अधिकारी गोपालसिंह शेखावत, तहसीलदार सुबोधसिंह चारण और अन्य अधिकारियों ने शहर का दौरा करते हुए स्थितियों पर निगरानी रखी।